
Noida news : महाशिवरात्रि पर्व के दौरान मंदिर में जलाभिषेक करने आए श्रद्धालुओं के साथ अभद्रता करना दो पुलिस कर्मियों को भारी पड़ गया। दोनों पुलिस कर्मियों को लाइन हाजिर कर दिया गया और आगे की विधिक कार्रवाई प्रारंभ कर दी गई है।
आपको बता दें कि शनिवार को नोएडा और ग्रेटर नोएडा के मंदिरों में महाशिवरात्रि पर्व धूमधाम से मनाया गया। भोलेनाथ का अभिषेक करने के लिए आज सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ मंदिरों में जुटना शुरू हो गई थी। इसी दौरान समाचार मिला कि दुधेश्वर महादेव मंदिर में श्रद्धालुओं की सुरक्षा और व्यवस्था बनाए रखने के लिए कुछ पुलिस कर्मियों को तैनात किया गया था। बताया जाता है कि दो पुलिस कर्मियों ने श्रद्धालुओं के साथ अभद्रता की।
पुलिस कर्मियों द्वारा श्रद्धालुओं के साथ अभद्र व्यवहार किए जाने का वीडियो बनाकर किसी ने सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। जिसके बाद वीडियो का संज्ञान लेते हुए दोनों पुलिस कर्मियों को लाइन हाजिर कर दिया गया है।
डीसीपी सिटी ने एक वीडियो जारी करते हुए संबंधित पुलिस कर्मियों के खिलाफ की गई कार्रवाई से अवगत कराया है। डीसीपी सिटी ने बताया कि दुधेश्वर मंदिर पर श्रद्धालुओं के साथ अभद्र व्यवहार करने वाले पुलिस कर्मियों को लाइन हाजिर कर दिया गया है और अग्रिम कार्रवाई की जा रही है।
[video width="640" height="352" mp4="https://chetnamanch.com/wp-content/uploads/2023/02/WhatsApp-Video-2023-02-18-at-7.55.35-PM.mp4"][/video]