Noida News :पंचायत चुनाव को बहाल करने का वायदा करें राजनीतिक दल: चौहान
भारत
चेतना मंच
15 Jan 2022 08:11 PM
नोएडा । युवा किसान नेता अशोक चौहान ने मांग की है कि विपक्षी दल अपने चुनावी घोषणा पत्र में पंचायत व्यवस्था को पुन: बहाल करने का वायदा करें। उन्होंने साफ कहा कि जो दल पंचायत व्यवस्था बहाल कराएगा किसानों का समर्थन उसी दल को मिलेगा ।
श्री चौहान ने एक लिखित बयान में यह मांग की है। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की सरकार ने नोएडा ग्रेटर नोएडा एवं यमुना क्षेत्र में पंचायत चुनाव की व्यवस्था को समाप्त करके लोकतंत्र के विरुद्ध आचरण किया है। अब जो भी राजनीतिक दल पंचायत व्यवस्था को बहाल कराने का वायदा अपने घोषणापत्र में करेगा क्षेत्र के किसान उसी राजनीतिक दल का समर्थन करेंगे। उन्होंने नारा दिया है कि 'मेरा अधिकार वापस करो- पंचायत चुनाव बहाल करो।
सब जानते हैं कि नोएडा, ग्रेटर नोएडा एवं यमुना प्राधिकरण के क्षेत्र में पडऩे वाले अधिकतर गांवों में पंचायत व्यवस्था को समाप्त कर दिया गया है। तर्क यह दिया गया है कि इन गांवों का विकास प्राधिकरणों के द्वारा कराया जा रहा है इसलिए यहां पंचायत व्यवस्था की कोई आवश्यकता नहीं है। क्षेत्र के किसान मजदूर तथा गांव में रहने वाले दूसरे तमाम लोग इस व्यवस्था के समाप्त होने से खफा हैं ।उनको लगता है कि उनकी लोकतांत्रिक व्यवस्था को छीन लिया गया है। इसी मुद्दे को किसान नेता आधार बनाकर तमाम राजनीतिक दलों से अपनी मांग को घोषणा पत्र में शामिल कराने की अपील कर रहे हैं ।