183 करोड़ खर्च की तैयारी रही अधूरी, ठंडे बस्ते में गई खोड़ा की जल योजना
Noida News
नोएडा
RP Raghuvanshi
20 Jul 2025 11:25 AM
नोएडा
RP Raghuvanshi
20 Jul 2025 11:25 AM
Noida News : खोड़ा की जनता को शुद्ध गंगाजल की आपूर्ति का सपना अब अधूरा ही रह गया है। 187 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली इस बहुप्रतीक्षित योजना को अब निरस्त कर दिया गया है। जल निगम के अधिकारियों के अनुसार, यह निर्णय नोएडा अथॉरिटी से जरूरी अनुमति न मिलने के कारण लिया गया है। योजना के तहत नोएडा से 50 एमएलडी गंगाजल की मांग की गई थी लेकिन अथॉरिटी ने अब तक इसकी मंजूरी नहीं दी।
तमाम कोशिशों के बाद भी नहीं मिली हरी झंडी
यह योजना नवंबर 2023 में अमृत योजना के तहत तैयार की गई थी जिसका उद्देश्य खोड़ा की कॉलोनियों में गंगाजल की पाइपलाइन बिछाकर लोगों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराना था। इसके तहत 164 किलोमीटर लंबी पाइपलाइन खोड़ा की गलियों में डाली जानी थी। योजना के लिए टेंडर प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई थी 16 जनवरी 2025 को टेंडर खोला गया और तकनीकी टेंडर की प्रक्रिया भी पूरी कर ली गई थी। लेकिन तमाम कोशिशों के बावजूद योजना को हरी झंडी नहीं मिल सकी।
नोएडा प्राधिकरण से नहीं मिला कोई ठोस जवाब
जल निगम के अधिकारियों का कहना है कि उन्होंने पिछले डेढ़ साल में नोएडा अथॉरिटी को चार बार पत्र भेजे लेकिन कोई ठोस जवाब नहीं मिला। अब यह योजना पूरी तरह फाइलों में ही दबी रह गई है। अधिकारियों के मुताबिक, अब जो भी नई योजना बनेगी वह शासन स्तर से तय होगी और उसी पर आगे काम किया जाएगा।
स्थानीय लोगों में नाराजगी
इस योजना के रद्द होने से खोड़ा की जनता को एक बार फिर से स्वच्छ पानी की सुविधा से वंचित रहना पड़ेगा। स्थानीय लोगों में इसे लेकर नाराजगी भी देखी जा रही है क्योंकि यह योजना उनके लिए एक बड़ी उम्मीद थी। अब निगाहें इस पर टिकी हैं कि शासन स्तर पर क्या नया कदम उठाया जाता है और खोड़ा की जल समस्या को कब तक गंभीरता से लिया जाएगा।