
Noida News : ग्रेटर नोएडा। थाना सूरजपुर पुलिस ने दो ऐसे अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है, जो न केवल नशीले पदार्थ गांजा की तस्करी करते हैं, बल्कि प्रिंटर के माध्यम से नकली नोट छापकर उन्हें बाजार में चलाते भी हैं। दोनों के पास से पुलिस ने नकली करेंसी, चोरी की बाइक और 300 ग्राम गांजा बरामद किया है। दोनों अभियुक्तों को जेल भेज दिया गया है।
जानकारी के अनुसार, थाना सूरजपुर ने बीट पुलिसिंग के माध्यम से लोकल इंटेलिजेंस से जानकारी लेते हुए गोपनीय सूचना के आधार पर पुलिस द्वारा कार्यवाही करते हुए साहिल कुमार उर्फ सुन्दर उर्फ संजू पुत्र रामसूरत निवासी-ग्राम मनियां थाना शाहगंज जनपद जौनपुर हाल पता-प्रवीन चपराना का मकान गुरुद्वारा रोड पैप्सी गोदाम के सामने कस्बा व थाना सूरजपुर जनपद गौतमबुद्धनगर को कोर्ट परिसर सूरजपुर से तथा अभियुक्त शालू पुत्र राजेश निवासी-ग्राम अमराहट डेरा थाना अमराहट जिला कानपुर देहात हाल पता- शनि मन्दिर के सामने वाली गली ग्राम देवला थाना सूरजपुर जनपद गौतमबुद्धनगर को उसके किराये के कमरे ग्राम देवला से गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार साहिल कुमार के कब्जे से 300 ग्राम गांजा, 5,000 के नकली नोट तथा गांजे की बिक्री से प्राप्त 10,490/-रुपये नगद और अभियुक्त शालू के कमरे से चोरी की एक मोटर साइकिल बरामद हुई। दोनों अभियुक्तगण की निशांदेही पर नकली नोट छापने में प्रयुक्त एक कलर प्रिंटर, स्याही की डिब्बी तथा पेपर, 1000 रुपये के नकली नोट (100-100 के 10 नोट ) तथा 200 रुपये असली नोट (100-100 के दो नोट) बरामद हुए है, अभियुक्त साहिल कुमार उर्फ सुन्दर उर्फ संजू व शालू उपरोक्त शातिर किस्म के अपराधी है जो पूर्व में भी जेल जा चुके हैं।
शालू का भाई विजय तथा अभियुक्त साहिल कुमार उर्फ सुन्दर उर्फ संजू एक साथ जेल में बंद थे, जहां पर अभियुक्त शालू के भाई विजय व साहिल कुमार उर्फ सुन्दर उर्फ संजू उपरोक्त की दोस्ती हो गयी और एक दूसरे के घऱ आना जाना हो गया। जेल से छूटने के बाद अभियुक्त शालू के दिमाग में नकली नोट छापने का विचार आया और अभियुक्त शालू द्वारा यूटयूब के माध्यम से नकली नोट बनाने की कला सीखी तथा अभियुक्त शालू ने साहिल कुमार उर्फ सुन्दर उर्फ संजू से बात कर नकली नोट छापने की योजना बनाई। अभियुक्त शालू कानपुर से आकर अपनी माता व भाई के पास ग्राम देवला में तथा साहिल कुमार उर्फ सुन्दर उर्फ संजू किराये का कमरा लेकर कस्बा सूरजपुर में रहने लगा।
पुलिस ने बताया कि शालू व साहिल कुमार उर्फ सुन्दर उर्फ संजू द्वारा संयुक्त रुप से पैसे देकर 13500/-रुपये में अमेजॉन के माध्यम से कलर प्रिंटर, प्रिंटर में प्रयुक्त स्याही तथा नकली नोट छापने के लिए पेपर खरींदे। दोनों अभियुक्त मिलकर नकली नोट छापने लगे। अधिकतर 100-100 रुपये के नकली नोट छापे जाते थे जिन्हें दोनों बाजार में सामान खऱीदने आदि में चला देते थे। इसके अतिरिक्त अभियुक्त साहिल कुमार उर्फ सुन्दर उर्फ संजू ग्राहकों को गांजा बेचने के दौरान छुट्टे रुपयों के रुप में नकली रुपये देकर चला देता था। इसके अतिरिक्त दोनों आरोपी अपने साथी मोनू पुत्र रामकिशन निवासी- चम्पत कालोनी कस्बा सूरजपुर थाना सूरजपुर जनपद गौतमबुद्धनगर के साथ मिलकर मोटर साइकिल भी चोरी करते थे।
अभियुक्त शालू व साहिल कुमार उर्फ सुन्दर उर्फ संजू ने अपने साथी मोनू पुत्र रामकिशन उपरोक्त के साथ मिलकर 20-25 दिन पहले कचहरी परिसर सूरजपुर से मोटर साइकिल स्प्लैण्डर प्लस रंग काला चोरी की थी। इसके अतिरिक्त अभियुक्त शालू पूर्व में भी नकली शराब बनाने के अपराध में तथा साहिल कुमार उर्फ सुन्दर उर्फ संजू गांजा तस्करी आदि में जेल जा चुका है अभियुक्तगण के साथी मोनू पुत्र रामकिशन के विरुद्ध भी जनपद के विभिन्न थानो में लूट,चोरी, गांजा व अवैध शराब तस्करी से सम्बंधित अभियोग दर्ज है। वर्तमान में मोनू जेल में निरुद्ध है।