
Noida News (चेतना मंच)। शराब के नशे में दोस्त की लाइसेंसी पिस्टल को सरेआम लहरा रहे एक व्यक्ति को थाना सेक्टर-63 पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने पिस्टल को जब्त कर आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। लाइसेंसी शस्त्र के दुरुपयोग के मामले में पुलिस उसके निरस्तीकरण की कार्रवाई कर रही है।
थाना प्रभारी अमित कुमार मान ने बताया कि 6 जुलाई की रात्रि को पुलिस को सूचना मिली कि सेक्टर 63 में एक व्यक्ति शराब के नशे में खुलेआम हाथ में पिस्टल लेकर घूम रहा है। सूचना के आधार पर मौके पर पहुंची पुलिस को एक युवक नशे में लडख़ड़ा हुआ दिखा। नशे की हालत में वह आते जाते लोगों पर पिस्टल तान रहा था पीसीआर पर तैनात पुलिसकर्मियों ने उक्त व्यक्ति को दबोच लिया और थाने ले आई।
पकड़ा गया आरोपी इस कदर शराब के नशे में धुत था कि वह अपने परिजनों का मोबाइल नंबर तक नहीं बता पाया। इसके बाद पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया। नशा उतरने पर जब से पूछताछ की गई तो आरोपी ने अपना नाम अमित कुमार सिंह पुत्र गोपाल सिंह निवासी जेवर हाल पता सेक्टर 55 के डी ब्लॉक में बताया। आरोपी ने बताया कि उससे बरामद पिस्टल उसके दोस्त राहुल मित्तल की लाइसेंसी पिस्टल है। इसके बाद राहुल मित्तल से संपर्क किया गया तो उसने बताया कि उक्त पिस्टल उसकी है। थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर पिस्टल को जब्त कर कर लिया गया है।