
Noida News (चेतना मंच)। नोएडा प्राधिकरण तथा राजस्व विभाग के घोटालों में लिप्त रहे भ्रष्ट अफसरों पर अब गाज गिरना तय है। ऐसे अफसरों की संपत्तियों की जांच कर उनके खिलाफ एफआईआर कराकर घोटाले की रकम उनकी संपत्तियों की नीलामी कर वसूली जाएगी। मुख्यमंत्री ने इस मसले को गंभीरता से लेते हुए आश्वासन दिया है। भाजपा के नोएडा महानगर अध्यक्ष मनोज गुप्ता ने कल मुख्यमंत्री को लिखित पत्र देकर यह मांग की।
उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से नोएडा प्राधिकरण में मुआवजा वितरण घोटाले की एसआईटी जांच के लिए आभार व्यक्त किया। मनोज गुप्ता ने मांग की है कि इस मामले में प्राधिकरण तथा राजस्व विभाग के अधिकारियों के साथ-साथ कुछ सफेदपोशों की भी संलिप्तता है। ऐसे लोगों की भी एसआईटी द्वारा गहनता से जांच कराई जाए। जांच में पाये जाने वाले दोषी अफसरों की संपित्तयों की भी जांच की जाए तथा उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज कराकर उनकी संपत्तियों की नीलामी कर घोटाले की रकम वसूली जाए।