विज्ञापन

Noida News : भारत में जाति व धर्म स्थायी हकीकत है। यहां अलग अलग जाति व धर्म के लोग रहते हैं। आमतौर पर 36 मुख्य जाति मानी जाती हैं। नोएडा, ग्रेटर नोएडा व गाजियाबाद क्षेत्र में सक्रिय कुछ सामाजिक कार्यकर्ताओं ने कुछ प्रमुख जातियों को एक साथ जोड़ने का काम शुरू किया है। जातियों के नए समूह का नाम ''अजगर'' रखा गया है।
आपको बता दें कुछ सामाजिक कार्यकर्ताओं ने रविवार, 27 अगस्त 2023 को गाजियाबाद में एक सम्मेलन करने की घोषणा की है। यह सम्मेलन ''अजगर'' के बैनर तले होगा। सहयोग- सदभाव सम्मेलन के नाम से होने वाले इस आयोजन के लिए कुछ खास मुद्दे तय किए गए हैं।
पश्चिमी उत्तर प्रदेश निर्माण मोर्चा संगठन के महामंत्री कर्नल सुधीर चौधरी ने चेतना मंच को बताया कि ''अजगर'' शब्द अहीर, जाट, गुर्जर व राजपूत जाति के पहले अक्षरों से मिलकर बना है। अजगर संगठन में अहीर, जाट, गुर्जर व राजपूत जातियों को मिलाकर एक व्यापक भाईचारा बनाने का प्रयास किया जा रहा है। इस भाईचारे के जरिए समाज की ढेर सारी कुरीतियों को समाप्त करने तथा देश व समाज के लिए अनेक बड़े काम करने की योजना बनाई गई है।
इन्हीं कामों में प्रमुख काम उत्तर प्रदेश का बंटवारा करके पश्चिमी उत्तर प्रदेश का निर्माण करना भी है। कर्नल सुधीर चौधरी ने स्पष्ट किया कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश में अजगर यानि अहीर, जाट, गुर्जर व राजपूत जातियों का बाहुल्य है। उन्होंने बताया कि ''अजगर'' का पहला सहयोग-सदभाव सम्मेलन रविवार, 27 अगस्त को गाजियाबाद शहर में होगा। इस सम्मेलन में बागपत, मेरठ, हापुड, गाजियाबाद, गौतमबुद्धनगर व बुलंदशहर जिलों से अहीर, जाट, गुर्जर व राजपूत जातियों के प्रबुद्ध नागरिकों को बुलाया गया है।
27 अगस्त को गाजियाबाद में होने वाले ''अजगर'' सम्मेलन के आयोजन का जिम्मा सत्यपाल यादव एडवोकेट, देवेंद्र यादव, कर्नल सुधीर चौधरी, चौधरी उदयवीर सिंह श्योरान, उत्तर प्रदेश सरकार के पूर्व मंत्री हरीशचंद्र भाटी, राधाचरण भाटी, डा. वीएस चौहान एवं देवेंद्र सिंह खटाना संभाल रहे हैं। यह सम्मेलन गाजियाबाद में एनएच 24 पर स्थित यूके रेडियंस फार्म हाउस में होगा।
कर्नल सुधीर चौधरी ने बताया कि सम्मेलन 27 अगस्त को सुबह 10 बजे से शुरू होकर शाम को 5 बजे तक चलेगा। इस सम्मेलन में सामाजिक सदभाव, सांस्कृतिक एवं वैवाहिक संबंधों को प्रोत्साहन देना, स्वास्थ्य एवं खेलों को प्रोत्साहन देना, उच्च व तकनीकी शिक्षा तथा रोजगार पर ध्यान केंद्रित करना, दहेज, फिजुलखर्ची एवं नशामुक्ति आंदोलन चलाना, किसानों व जवानों के हितों की सुरक्षा करना तथा वेस्ट यूपी राज्य का निर्माण करना जैसे प्रमुख मुद्दे रहेंगे। Noida News
विज्ञापन