Noida : नोएडा । नोएडा में पानी की समस्या को दूर करने के लिए रेन वाटर हॉर्वेस्टिंग सिस्टम कसे लागू करने की मांग फेडरेशन ऑफ नोएडा रेजिडेंस वेलफेयर (फोनरवा) ने नोएडा प्राधिकरण की मुख्य कार्यपालक अधिकारी से की है। फोनरवा अध्यक्ष योगेन्द्र शर्मा ने नोएडा प्राधिकरण की सीईओ रितु माहेश्वरी को लिखे पत्र में कहा है कि गर्मी के मौसम में और विशेषकर गंगाजल नहर की सफाई के समय नोएडा शहर में पानी की समस्या हो जाती है। भूमिगत जल के स्रोत की उपलब्धता न होने के कारण नोएडा शहर के निवासियों को गंगाजल की सप्लाई पर ही निर्भर रहना पड़ता है। जनपद में पारंपरिक जल स्रोत खत्म होते जा रहे हैं ।इसके चलते बारिश का पानी भी एकत्र नहीं हो पाता है। जनपद में औसतन हर वर्ष एक मीटर से अधिक जल स्तर नीचे जा रहा है नोएडा में सेक्टर 34 में 38.14 मीटर और ममूरा 37.12 मीटर का तक जलस्तर पहुंच चुका है।
गौतमबुद्घनगर में कई जगहों पर ग्राउंड वाटर समाप्ति के कगार पर है नोएडा में तो कई जगहों पर भूजल 30 मीटर यानी 98 फुट नीचे मिल रहा है।फोनरवा अध्यक्ष, योगेन्द्र शर्मा ने कहा कि भूजल स्तर में गिरावट और जलवायु परिस्थितियों में उतार चढ़ाव के साथ-साथ पानी की बढ़ती कमी के प्रतिकूल प्रभावों को कम करने के लिए, वर्षा जल का संचयन व बरसात के दिनों में सेक्टरों में पानी भराव और सबसे विशेष रूप से पानी की कमी वाले क्षेत्रों में पानी की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक है।
महासचिव के के जैन ने कहा कि बरसात के मौसम शुरू होने से पहले नोएडा शहर के बड़े पार्कों, बरातघर तथा अन्य स्थानों पर रेन वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम लगाया जाए।