Noida News (चेतना मंच)। राज्य सभा सांसद सुरेंद्र नागर की अध्यक्षता में जेवर के ग्राम पंचायत शमशम नगर एवं नीमका में जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विकसित भारत संकल्प यात्रा की प्रचार वैन के द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का सजीव प्रसारण प्रसारित किया गया।
सांसद सुरेंद्र नागर ने कहा कि विकसित भारत संकल्प यात्रा का मुख्य उद्देश्य जन सामान्य को केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा चलाई जा रही जनकल्याणकारी योजनाओं के विषय में जागरुक करते हुए उनको योजनाओं के लाभ से लाभान्वित करना है, ताकि समाज के अंतिम व्यक्ति तक केंद्र व राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं एवं कार्यक्रमों का सीधा लाभ पहुंच सके और कोई भी पात्र व्यक्ति योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे।
कार्यक्रम के दौरान राज्य सभा सांसद ने गर्भवती महिलाओं की गोद भराई व बच्चों का अन्नप्राशन कराया। प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के लाभार्थियों को नए गैस कनेक्शन, आयुष्मान भारत के लाभार्थियों को आयुष्मान कार्ड का वितरण एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम में प्रतिभागी छात्र-छात्राओं को पुरस्कृत किया गया। इस अवसर पर लाभार्थियों द्वारा अपने-अपने विचार एवं अनुभव भी साझा किए गए।
इस अवसर पर राज्यसभा सांसद सुरेंद्र नागर, विधायक जेवर धीरेंद्र सिंह, विधायक दादरी तेजपाल नागर, सदस्य विधान परिषद श्रीचन्द शर्मा, उप जिलाधिकारी जेवर अभय सिंह, उप कृषि निदेशक राजीव कुमार, पशु चिकित्सा अधिकारी बिलासपुर डॉ. सीमा, सहायक प्रबन्धक यमुना विकास प्राधिकरण संजय श्रीवास्तव, जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन, नोएडा प्राधिकरण के अधिकारीगण, संबंधित अधिकारियों, जनसामान्य एवं लाभार्थियों ने प्रसारण का अवलोकन किया। सजीव प्रसारण के उपरांत राज्य सभा सांसद ने आयोजित कार्यक्रम में जनसामान्य को पंच प्रण की शपथ दिलाई। कार्यक्रम में मुख्य रूप से किसानों, विद्यार्थियों, महिलाओं सहित बड़ी संख्या में लाभार्थी और स्थानीय लोग भी उपस्थित रहे।