
Noida News : साइबर ठगों ने अब बाकायदा फिरौती मांगनी शुरू कर दी है। नोएडा शहर में स्थित एक सॉफ्टवेयर कंपनी पर साइबर अटैक करके साइबर ठगों ने बाकायदा फिरौती की मांग की है। इस घटना से आईटी सेक्टर में हडक़ंप मच गया है। नोएडा पुलिस ने इस मामले में FIR दर्ज करके मामले की जांच IT सेल को सौंप दी है।
आपको बता दें कि साइबर अटैक का यह मामला नोएडा के सेक्टर-127 से जुड़ा हुआ है। नोएडा के सेक्टर-127 में लॉटस बिजिनिस पार्क में फॉर आई टैक्नोलॉजी प्रा.लि. नामक कंपनी स्थापित है। इस कंपनी की वेबसाइट पर साइबर गिरोह ने हमला करके पहले वेबसाइट को हैक कर लिया और फिर बाकायदा फिरौती की मांग कर डाली। फिरौती न देने पर पूरी वेबसाइट को हमेशा के लिए नष्ट करने की धमकी दी गई। कंपनी ने बड़ी मुश्किल से अपनी वेबसाइट को बचाया है। इस मामले में नोएडा के सेक्टर-126 थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
सॉफ्टवेयर बनाने वाली कंपनी की वेबसाइट पर साइबर अटैक करने के मामले में नोएडा के सेक्टर-126 थाने में कंपनी की सचिव आकांक्षा जैन ने FIR दर्ज कराई है। FIR में आरोप है कि अनजान साइबर अपराधी ने उनकी कंपनी की साइट पर अटैक करके हैक कर लिया। हैकर्स ने कंपनी का बहुत सारा डाटा चोरी कर लिया तथा बचे हुए डाटा को करप्ट कर दिया। इतना ही नहीं वेबसाइट को सुरक्षित करने की एवज में हैकर्स ने कंपनी को संदेश भेजकर बाकायदा फिरौती भी मांग ली। हैकर्स ने धमकी दी कि यदि उन्हें फिरौती की रकम नहीं दी गयी तो वे वेबसाइट को हमेशा के लिए नष्ट कर देंगे। साइबर गिरोह द्वारा फिरौती मांगे जाने का नोएडा में यह पहला मामला प्रकाश में आया है। इस मामले की खबर फैलते ही पूरे आईटी उद्योग में हडक़ंप मच गया है।
नोएडा की पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह के निर्देश पर साइबर अटैक के मामलों की जांच का काम नोएडा पुलिस कमिश्नरी की आईटी सेल के जिम्मे है। उसी व्यवस्था के तहत इस साइबर अटैक मामले की जांच भी नोएडा के सेक्टर-126 थाने से आईटी सेल को ट्रांसफर कर दी गई है।
आईटी सेल के प्रभारी संजीव उपाध्याय ने चेतना मंच को बताया कि अभी उनकी खुद की तथा उनकी टीम की वीआईपी डयूटी लगी हुई है। वीआईपी ड्यूटी से वापस नोएडा पहुंचने के बाद ही इस मामले की छानबीन शुरू हो जाएगी। Noida News