
Noida News : उत्तर प्रदेश से एक बड़ी खबर सामने आ रहा है। खबर यह है कि निर्माणाधीन एलिवेटेड फ्लाईओवर से एक सरिया नीचे आ गिरा और चलती कार में जा घुसा। सरिया ड्राइवर सीट तक पहुंच गया। यह तो गनीमत रही कि कार चालक बच गया, नहीं तो एक बड़ा हादसा हो जाता।
आपको बता दें कि नोएडा सेक्टर-49 से लेकर भंगेल तक एलिवेटेड रोड का निर्माण कार्य कराया जा रहा। एक व्यक्ति अपनी कार में सवार होकर निर्माणाधीन एलिवेटेड रोड के नीचे से बने रास्ते से गुजर रहा था कि अचानक सालारपुर के सामने निर्माणाधीन एलिवेटेड रोड से सरिया का टुकड़ा कार के शीशे पर आ गिरा।
सरिया कार के आगे का शीशा तोड़ते हुए आर-पार हो गया और ड्राइवर की सीट तक पहुंच गया। इस हादसे में कार चालक बाल बाल बच गया। घटना के बाद मौके पर काम करवा रहा ठेकेदार फरार हो गया। मौके पर आसपास के लोग इकट्ठा हो गए।
निर्माणाधीन एलिवेटेड रोड के नीचे सालारपुर और भंगेल के व्यापारियों में काफी रोष है। कारोबारियों का कहना है कि पिछले तीन साल से निर्माण कार्य चल रहा है, जिस कारण आसपास के व्यापार पर इसका बड़ा असर पड़ रहा है, लेकिन काम अभी तक पूरा नहीं हो सका है।
आपको बता दें कि यह निर्माण कार्य 2020 में शुरू हुआ था। इस रास्ते से लोगों के लिए निकलना मुश्किल हो गया है। ऊपर से ठेकेदार की लापरवाही जानलेवा साबित हो सकती है। नोएडा प्राधिकरण ने अब तक सुरक्षा को लेकर कोई ठोस कदम नहीं उठाया है। Noida News