Noida News : थमने का नाम नहीं ले रही कांग्रेस में बगावत!
भारत
चेतना मंच
02 Dec 2025 01:07 AM
नोएडा । ज्यों-ज्यों चुनाव की घड़ी करीब आ रही है त्यों-त्यों कांग्रेस की मुश्किलें कम होने की बजाय बढ़ती जा रही है। पार्टी में पदाधिकारियों व पुराने कांग्रेसियों की बगावत थमने का नाम नहीं ले रही है। कल कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव तथा उत्तर प्रदेश की प्रभारी प्रियंका गांधी के महत्वाकांक्षी चुनावी मिशन ‘मैराथन दौड़’ को लेकर पार्टी के मंडल प्रभारी द्वारा आयोजित बैठक में अधिकांश पुराने कांग्रेसी नेता, प्रकोष्ठ के अध्यक्ष तथा पदाधिकारी नदारद रहे।
कल कांग्रेस के मेरठ मंडल के प्रभारी मोनिन्द्र सूद बाल्मीकि व प्रियंका गांधी टीम के पदाधिकारी अनुराग मिश्र ने 8 जनवरी को नोएडा में होने वाली मैराथन दौड़ की तैयारी को लेकर बैठक आयोजित की थी। इस बैठक में एआईसीसी सदस्य दिनेश अवाना, युवक कांग्रेस के जिला अध्यक्ष पुरुषोत्तम नागर, अल्पसंख्यक विभाग के प्रदेश चेयरमैन लियाकत चौधरी, व्यापार प्रकोष्ठ के जिला अध्यक्ष अभिषेक जैन, पूर्व महानगर अध्यक्ष शाहबुद्दीन, पीसीसी सदस्य सतेन्द्र शर्मा, एससी/ एसटी प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष रोहित बेनीवाल, अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ के महानगर चेयरमैन मोहम्मद गुड्डू, प्रदेश सचिव मुकेश यादव, व्यापार प्रकोष्ठ के पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष जीतेंद्र अम्बावत, अशोक शर्मा, विक्रम चौधरी,एससी/ एसटी के प्रदेश सचिव राज कुमार भारती, किसान कांग्रेस के जिला अध्यक्ष गौतम अवाना, कामगार संगठन के जिला अध्यक्ष जावेद खान समेत कई प्रकोष्ठïों के अध्यक्ष, ब्लॉक अध्यक्ष व पुराने कांग्रेसी नेता नदारद रहे।
इस बैठक में महानगर कमेटी के भी कई पदाधिकारी नहीं पहुंचे थे। कांग्रेस के कई पुराने नेताओं का कहना है कि यदि बगावत का यही आलम रहा तो आगामी चुनाव में कांग्रेस को इसका भारी खामियाजा उठाना पड़ सकता है। उनका मानना है कि यह हाल तब है जब प्रत्याशी की घोषणा नहीं हुई। प्रत्याशी घोषित होने के बाद हालात बदतर होना तय माना जा रहा है। बताया जाता है कि मेरठ मंडल प्रभारी मोनिन्दर सूद बाल्मीकि द्वारा कार्यकर्ताओं की शिकायतों का संज्ञान न लेने के कारण कार्यकर्ताओं ने उनकी बैठक का बहिष्कार किया।