Noida News : 300 पुलिसकर्मियों के साथ बलवा मॉक ड्रिल
भारत
चेतना मंच
29 Nov 2025 09:10 PM
Noida : नोएडा। कानपुर में बीते दिनों दो संप्रदायों में पत्थरबाजी के बाद बने तनाव से निपटने तथा जिले में शांति व्यवस्था बनाये रखने के लिए पुलिस लाइन में पुलिसकर्मियों के साथ बलवा मॉकड्रिल व दंगा नियंत्रण उपकरणों का अभ्यास किया गया। मॉकड्रिल के दौरान गौतमबुद्धनगर के पुलिस कमिश्नर आलोक सिंह भी मौजूद रहे।
रिजर्व पुलिस लाइन में एडीसीपी मुख्यालय व एसीपी लाइन के नेतृत्व में करीब 300 पुलिसकर्मियों ने इस मॉकड्रिल में हिस्सा लिया।
गौतमबुद्धनगर की कानून व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाए रखने व किसी भी प्रकार की परिस्थितियों का सामना करने के लिए पुलिस बल द्वारा बलवा मॉक ड्रिल व दंगा निरोधक उपकरणों का अभ्यास किया गया। पुलिस कमिश्नर आलोक सिंह की उपस्थिति में सभी पुलिसकर्मियों को टियर गैस, एंटीराइट गन व अन्य दंगा निरोधक उपकरणों का अभ्यास कराया गया एवं साथ ही उन्हें हर तरह की परिस्थिति का सामना करने के लिए तैयार किया गया।
पुलिसकर्मियों की विभिन्न पार्टियां बनाई गई जिसमे सभी पार्टियों को बलवे के दौरान उनके कर्तव्यों को समझाया गया। पुलिसकर्मियों को एलआईयू पार्टी, नागरिक पुलिस पार्टी, फायर सर्विस पार्टी, लाठी पार्टी, टीयर स्मोक गन पार्टी, रिजर्व पार्टी, फर्स्ट ऐड आदि पार्टी में बांटा गया एवं सभी पार्टियों द्वारा आपसी सामंजस्य बनाते हुए अपने-अपने कर्तव्यों को समझा गया। पुलिसकर्मियों की पार्टियों द्वारा लोगों को समझाना, दंगाइयों को रोकना, आमजन को दंगे के दौरान रेस्क्यू करना, दंगाइयों के ऊपर टीयर स्मोक गैस का उपयोग करना, पानी की बौछार करना, दंगे के दौरान घायल पुलिसकर्मी या आम जनता के लोगों तक मदद पहुंचाने एवं उन्हें सुरक्षित स्थान पर ले जाकर प्राथमिक चिकित्सा उपलब्ध कराने का भी आदि का अभ्यास किया गया और साथ ही उन्हें हर तरह की परिस्थिति का सामना करने के लिए तैयार किया गया।
पुलिस कमिश्नर द्वारा प्रशिक्षणाधीन आरक्षियों व विभिन्न थानों से आए पुलिस बल को ब्रीफ करते हुए उन्हें पुलिस पार्टियों के कर्तव्य समझाए गए और आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए। इस मौके पर स्टाफ ऑफिसर- पुलिस आयुक्त आशुतोष द्विवेदी, अपर पुलिस उपायुक्त मुख्यालय इलामारन, सहायक पुलिस आयुक्त लाइन अंकिता शर्मा, प्रतिसार निरीक्षक भी पुलिस बल के साथ उपस्थित रहे।