
Noida News : जमीनी विवाद में पुलिस की लचर कार्रवाई के विरोध में सोरखा गांव की महिलाओं व ग्रामीणों द्वारा बुधवार को पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह से न्याय की गुहार लगाने के बाद पुलिस हरकत में आ गई है। पीड़ितों की शिकायत पर थाना सेक्टर 113 पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
सोरखा गांव निवासी जितेंद्र पुत्र राम भूल ने दर्ज रिपोर्ट में बताया कि गांव के ही यादराम व करीब 70 अज्ञात लोगों ने गत दिनों उनकी जमीन पर अवैध रूप से कब्जा करने का प्रयास किया। इस बात का जब उन्होंने विरोध किया तो आरोपियों ने उनके साथ जमकर मारपीट की।
थाना प्रभारी निरीक्षक प्रमोद प्रजापति ने बताया कि सोरखा गांव के जितेंद्र ने थाने रिपोर्ट दर्ज कराई है कि छह फरवरी को जब वह परिवार सहित शादी में गए थे तब यादराम यादव, महेंद्र, महिपाल, सन्तु, रवि, सुनील, लोकेश, विजेंद्र यादव, लाला उर्फ अनिल सहित 70- 80 लोग हथियार से लैस होकर आए तथा 2.9910 हेक्टेयर के उनके खेत में लगी गेहूं की फसल तथा गोभी, बैगन एवं अन्य सब्जियों जेसीबी मशीन चला कर तहस-नहस कर दिया। थाना प्रभारी ने बताया कि पीड़ित की शिकायत पर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
आपको बता दें कि इस मामले में पुलिस ने पूर्व में दोनों पक्षों के खिलाफ शांति भंग की धारा के तहत कार्रवाई की थी। पुलिस की कार्रवाई से नाखुश जितेंद्र पक्ष के लोग बड़ी संख्या में एकत्र होकर बुधवार को सेक्टर 108 स्थित पुलिस कमिश्नर कार्यालय पहुंचे थे। पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह ने लोगों की बात सुनने के पश्चात उन्हें उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया था।