
Noida News : थार जीप में सवार होकर हथियार लहराते हुए स्टंटबाजी करने वाले बिगडैल रईसजादों के खिलाफ नोएडा पुलिस ने सख्त एक्शन लिया है। पुलिस ने स्टंटबाजी में प्रयोग की गई जीप का कल ही चालान काट दिया था। आज इस मामले में चार युवकों को भी हिरासत में लिया है। सोशल मीडिया पर वायरल किया गया वीडियो भी डेढ़ साल पुराना बताया जा रहा है।
आपको बता दें कि शुक्रवार को चेतना मंच ने इस आशय का एक समाचार प्रकाशित किया था। सोशल मीडिया ट्विटर हैंडल पर एक वीडियो वायरल हुआ था, जिसमें एक थार जीप यूपी 16 बीपी 2658 के चालक द्वारा अपने साथियों को गाड़ी के ऊपर बैठाकर जीप को लापरवाही से चलाते हुए स्टंट कर रहे हैं। इस सूचना का संज्ञान लेते हुए थाना फेस-2 पर मुकदमा दर्ज किया गया।
इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए थाना फेस-2 सेंट्रल नोएडा पुलिस द्वारा वायरल वीडियो में दिख रहे स्टंटबाज रणपाल सिंह उर्फ रोनी ठाकुर पुत्र वीरपाल सिंह निवासी चांद मस्जिद कुलेसरा थाना ईकोटेक-3, (इसके इंस्टाग्राम आईडी पर भी उक्त वीडियो अपलोड है), अंशुल पुत्र देवेंद्र निवासी गांव तिलडेरीन थाना सिकंदराबाद जिला बुलंदशहर, सोनू पाल पुत्र एदल सिंह निवासी बी-252 म्यू-2 जिला गौतमबुद्धनगर तथा नितिन पुत्र सयानंद निवासी मुल्ला कॉलोनी कुलेसरा थाना ईकोटेक-3 को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई।
पूछताछ में आरोपी स्टंटबाजों ने बताया कि हम लोग यूट्यूब के लिए वीडियो बनाते हैं। वीडियो में दिखाई दे रहे हथियार भी मात्र दिखावटी और डमी है। इसमें से कोई भी हथियार असली नहीं है। स्टंटबाज रणपाल उर्फ रोनी ने बताया कि वीडियो में जो वाहन दिख रहा है, वह नितिन के मित्र राहुल का था, लेकिन अब यह जीप दिल्ली के सुभाष पुत्र बीरबल को बेच दी गई है। यह वीडियो करीब डेढ़ साल पुराना है जो 1 मार्च 2022 को अपलोड किया गया था।
पुलिस ने बताया कि स्टंटबाजों द्वारा वाहन पर इस प्रकार स्टंट करना अवैधानिक और खतरनाक है। उपरोक्त स्टंटबाजों के विरुद्ध आवश्यक वैधानिक कार्यवाही की जा रही है। Noida News