
Noida News : नोएडा (चेतना मंच)। कार की टक्कर लगने का विरोध करने पर कार चालक ने गलती मानने के बजाय पीडि़त के साथ मारपीट कर उसकी नाक तोड़ दी। पीडि़त ने आरोपी कार चालक के खिलाफ थाना सेक्टर-49 में मुकदमा दर्ज कराया है।
कृष्णा पार्क गली नंबर-6 दिल्ली निवासी नरेंद्र पाल सिंह ने बताया कि वह 24 जनवरी को अपने दफ्तर से घर जा रहा था। इस दौरान सेक्टर-51/52 के रास्ते पर कार चालक ने बैक करते हुए उसे टक्कर मार दी। उसने जब इस बात का विरोध किया तो कार चालक ने गलती मानने के बजाय उसके साथ गाली गलौज कर मारपीट शुरू कर दी। कार चालक ने उसके चेहरे पर मुक्के से प्रहार किया जिससे उसकी नाक की हड्डी टूट गई।
मारपीट के बाद कार चालक जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गया। थाना प्रभारी ने बताया कि पीडि़त की शिकायत पर कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है और उसकी तलाश की जा रही है।