
Noida News (चेतना मंच)। नोएडा में रूममेट ने अपने साथी के मोबाइल फोन से ऑनलाइन 77500 रुपए अपने खाते में ट्रांसफर कर लिए और इसके बाद फरार हो गया। पीड़ित ने नोएडा के थाना फेस-1 में आरोपी के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज कराया है।
नोएडा के हरौला गांव में रहने वाले अनीर आलम ने पुलिस से की शिकायत में बताया कि उसने कुछ दिनों पूर्व ग्राम चौकिया जनपद सुल्तानपुर निवासी मनीष तिवारी को अपने साथ रूममेट के तौर पर रखा था। मनीष तिवारी ने मौका पाकर उसके मोबाइल से 77500 ट्रांसफर कर लिए। बैंक से आए मैसेज को उसने डिलीट कर दिया। इसके बाद मनीष तिवारी उसे बिना बताए कमरा छोडक़र चला गया। गत दिनों जब उसने बैंक खाते की जानकारी ली तो उसे फर्जीवाडे का पता चला। पीड़ित अनीर आलम के मुताबिक उसने जब जानकारी की तो पता चला कि उसके खाते से मनीष तिवारी के कोटक महिंद्रा बैंक के खाते में पैसे ट्रांसफर हुए हैं। आरोपी राशन के उधार पैसों को भी नहीं देकर गया है।
ग्रेटर नोएडा के थाना बिसरख क्षेत्र के गौर सिटी मॉल के पास बाइक सवार बदमाशों ने एक महिला का पर्स लूट लिया। पर्स में चार मोबाइल फोन व सोने के जेवरात रखे हुए थे लूट के इस मामले को पुलिस ने चोरी की धारा में दर्ज किया है। क्रॉसिंग रिपब्लिक गाजियाबाद निवासी मीनाक्षी चौधरी ने बताया कि वह 24 सितंबर की रात को अपने बेटे के साथ ई-रिक्शा से गौर सिटी मॉल की तरफ जा रही थी। इस दौरान पीछे से बाइक पर आए दो बदमाशों ने उनके हाथ से पर्स लूट लिया और फरार हो गए। पर्स में चार मोबाइल फोन, सोने की माला, कान की बाली, एटीएम, आधार कार्ड, पैन कार्ड, वोटर आईडी कार्ड रखे हुए थे। पीड़ित ने घटना की जानकारी तुरंत पुलिस को दी। मौके पर पहुंचे पुलिसकर्मियों ने बदमाशों की तलाश करने का प्रयास किया लेकिन हत्थे नहीं चढ़ा।
ग्रेटर नोएडा के थाना बिसरख क्षेत्र के कासा ग्रीन सोसाइटी में रहने वाले एक व्यक्ति की कार से चोर ने मोबाइल फोन चोरी कर लिया। पीडि़त ने अज्ञात चोर के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। कासा ग्रीन सोसाइटी में रहने वाले निखिल कुमार श्रीवास्तव ने पुलिस की शिकायत में बताया कि वह 27 सितंबर की सुबह अपनी कार से ऑफिस जा रहे थे। रास्ते में उन्होंने एक जगह अपनी कार रोकी और कुछ सामान लेने लगे। इस दौरान किसी व्यक्ति ने कार में रखे उनके मोबाइल फोन पर हाथ साफ कर दिया। थाना प्रभारी के मुताबिक अज्ञात चोर के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है और घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को खंगाल कर चोर की तलाश की जा रही है।
ग्रेटर नोएडा के ग्राम अनवरगढ़ व कादलपुर के पास चोरों ने करीब ढाई किलोमीटर लंबा विद्युत तार, 20 पिनइंसुलेटर, 20 डिस्क सहित अन्य सामान चोरी कर लिया। विद्युत कार्य करा रही कंपनी के प्रतिनिधि ने अज्ञात चोरों के खिलाफ थाना दनकौर में मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस ने करीब 6 माह बाद मुकदमा दर्ज किया है।
ओम इलेक्ट्रिकल के प्रतिनिधि हरपाल सिंह ने बताया कि उनकी कंपनी द्वारा विद्युत लाइन बनाने का कार्य सलारपुर बिजली घर से चंडीगढ़ तक चल रहा है। 20 अप्रैल की रात्रि को चोरों ने अनवरगढ़ व कादलपुर गांव के पास से 20 पिन इंसुलेटर, 20 बी क्रॉस, 20 डिस्क तथा तार चोरी कर लिया। चोरों ने अजनारा गोल चक्कर के पास से लोहे का एक पोल तथा तार चोरी कर लिया। थाना प्रभारी ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और जांच पड़ताल कर रही है।