
Noida News (चेतना मंच)। नोएडा के थाना सेक्टर-58 में एक व्यक्ति ने पिता पुत्र के खिलाफ धोखाधड़ी से 35 लाख रुपये हड़पने करने के आरोप में मुकदमा दर्ज कराया है। आरोपियों ने पीड़ित से अपने परिजन की बीमारी के इलाज के लिए पैसे लिए थे। पीड़ित को आश्वासन दिया गया था कि पैसे न लौटाने की सूरत में वह अपने मकान को उसे बेच देंगे।
नोएडा के सेक्टर-61 स्थित मार्बल होम सोसाइटी निवासी विनय कुमार ने दर्ज रिपोर्ट में बताया कि वह पूर्व में राजेंद्र कुमार सिंघल के मकान में किराए पर रह रहे थे। राजेंद्र कुमार सिंघल ने कुछ दिन पूर्व अपनी पत्नी के कैंसर के इलाज के लिए उनसे वर्ष 2018 में 35 लाख रुपए उधार लिए थे। राजेंद्र कुमार सिंघल व उनके बेटे रोहित सिंघल ने उनसे कहा था कि वह पैसे ना देने की स्थिति में मकान को उनके नाम ट्रांसफर कर देंगे। निर्धारित अवधि बीत जाने के बाद जब राजेंद्र और रोहित ने पैसे वापस नहीं लौटाए तो विनय कुमार ने मकान को अपने नाम करने के लिए कहा। इस दौरान उन्हें पता चला कि पिता पुत्र ने किसी अन्य व्यक्ति से भी बीमारी के नाम पर एक करोड़ 15 लाख रुपए ले रखे हैं और मकान के पेपर उक्त व्यक्ति को दे रखे हैं।
यह जानकारी मिलने पर उन्होंने नोएडा प्राधिकरण में अपने साथ हुई धोखाधड़ी की शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने जब पिता पुत्र से पैसे मांगे तो उन्होंने लौटने से इनकार कर दिया। थाना प्रभारी ने बताया कि पीड़ित की शिकायत पर आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है और जांच पड़ताल की जा रही है।
नोएडा के थाना सेक्टर-49 क्षेत्र के बरौला गांव से एक युवक पड़ोस में रहने वाली नाबालिक किशोरी को पहले फुसलाकर भगा ले गया। किशोरी के पिता की शिकायत पर पुलिस ने युवक के खिलाफ अपहरण का मामला दर्ज कर लिया है। नोएडा के बरौला में रहने वाले रमेश (काल्पनिक नाम) ने बताया कि गत 19 सितंबर को उसकी बेटी घर से संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गई।
उन्होंने आसपास में रिश्तेदारी में अपनी बेटी की तलाश की लेकिन कोई पता नहीं चला। पीड़ित के मुताबिक जब वह अपनी बेटी को तलाश रहे थे तो उन्हें जानकारी मिली थी उनकी बेटी को पड़ोस में रहने वाला नीतीश शुक्ला बहला फुसलाकर भगा ले गया है। थाना प्रभारी का कहना है कि पुलिस आरोपी की तलाश कर किशोरी को बरामद करने का प्रयास कर रही है।