
Noida News : नोएडा के सेक्टर 105 RWA में करोड़ों रुपए के गबन के आरोपों के बाद बड़ा बवाल खड़ा हो गया है। RWA के कोषाध्यक्ष पद पर चुने गए सेक्टर के वृद्ध नागरिक ने RWA के महासचिव पर करोड़ों रुपए के गबन का आरोप लगाते हुए थाना सेक्टर 39 में FIR दर्ज कराई है।
सेक्टर 105 निवासी 80 वर्षीय दिनेश कुमार शर्मा ने दर्ज रिपोर्ट में बताया कि 15 दिसंबर 2019 को RWA की आम सभा द्वारा उन्हें कोषाध्यक्ष के रूप में नियुक्त किया गया था। कोषाध्यक्ष बनने के बाद उन्होंने RWA की बैलेंसशीट देखी तो उसमें काफी गड़बड़ी मिली। महासचिव के रूप में दिव्या कृष्णात्रेय उर्फ दीपक शर्मा पुत्र शिव कुमार शर्मा ने ऑडिट रिपोर्ट में सचिव के रूप में हस्ताक्षर किए थे, जबकि तत्कालीन समय पर वह आरडब्ल्यूए के सचिव नहीं थे।
दिव्या कृष्णात्रेय ने बिल्डिंग के लिए 367638 रुपये, सेक्टर के गेट नंबर 1 से 7 की सिक्योरिटी के खर्चे के लिए 765150 रुपये, गेट नंबर 3 की सिक्योरिटी के लिए 83828 रुपये का खर्च दिखाते हुए एक कूटरचित बैलेंस शीट कार्यालय में जमा कराई थी। इस फर्जी बैलेंसशीट में मंदिर के खर्चों के लिए भी 309214 रुपए तथा मंदिर निर्माण के लिए 302027 रुपए दर्शाए गए हैं। उन्होंने बताया कि सेक्टर के मंदिर के लिए अलग बैंक खाता खुला हुआ है। जिसके लिए सेक्टरवासियों से चंदा भी एकत्रित किया जाता है। दिनेश कुमार शर्मा ने आरोप लगाया कि कृष्णात्रेय ने मंदिर के नाम से रसीदबुक छपवाकर अवैध तरीके से धन एकत्रित किया है। आरडब्ल्यूए के नियमों अनुसार सेक्टर के खाते से मंदिर का कोई खर्च किए जाने का विधान नहीं है।
Noida Newsआरोप है कि महासचिव दिव्या कृष्णात्रेय ने ऑडिट रिपोर्ट में सामुदायिक केंद्र की सिक्योरिटी पर वेतन के रूप में 2 लाख 92000 का खर्च दिखाया जबकि उक्त सामुदायिक केंद्र की सिक्योरिटी का खर्चा नोएडा प्राधिकरण द्वारा वहन किया जाता है। आईटीआई के जवाब में प्राधिकरण ने इस बात की पुष्टि भी की थी। उन्होंने आरोप लगाया कि दिव्या कृष्णात्रे ने फर्जी दस्तावेजों के आधार पर करोड़ों रुपए की धोखाधड़ी की है। उन्होंने जब इस बात का विरोध किया तो दिव्या कृष्णात्रेय ने उनके साथ गाली गलौज, अभद्रता करते हुए कार्रवाई किए जाने पर जान से मारने की धमकी दी। थाना प्रभारी ने बताया कि पीड़ित की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है यह मुकदमा न्यायालय के निर्देश पर दर्ज किया गया है। Noida News