
Noida News : उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ में एक स्कूल के प्रिंसिपल को गिरफ्तार जिए जाने के विरोध में मंगलवार, 8 अगस्त को नोएडा, ग्रेटर नोएडा समेत पूरे गौतमबुद्धनगर जनपद के सभी स्कूलों पर ताले लटके हुए हैं। सभी स्कूल कालेज पूरी तरह से बंद हैं तथा स्कूल संचालक धरना प्रदर्शन कर रहे हैं।
आपको बता दें कि विगत 31 जुलाई को यूपी के आजमगढ़ में स्थित किड्स गर्ल्स स्कूल की एक छात्रा की स्कूल की तीसरी मंजिल से गिरकर मौत हो गई थी। आरोप है कि इस मामले में परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने स्कूल के प्रधानाचार्य व शिक्षक को गिरफ्तार करके जेल भेज दिया था। इस घटना के विरोध में उत्तर प्रदेश के सभी स्कूल संचालकों ने प्रदेशव्यापी आंदोलन करने और स्कूल बंद रखने का निर्णय लिया था। इसी के तहत मंगलवार को नोएडा और ग्रेटर नोएडा समेत पूरे जिले के स्कूल संचालक हड़ताल पर हैं और सभी स्कूलों को बंद रखा गया है। जिले के करीब 100 स्कूलों के 700 शिक्षक और प्रिंसिपल सूरजपुर स्थित जिलाधिकारी कार्यालय के बाहर प्रदर्शन कर रहे हैं।
इस दौरान पब्लिक स्कूल वेलफेयर समिति उत्तर प्रदेश के बैनर तले सभी प्रिंसिपल और शिक्षक नारेबाजी कर अपना विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। समिति के प्रदेश अध्यक्ष की ओर से इस बारे में जिलाधिकारी के माध्यम से एक ज्ञापन सूबे के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को भेजा गया है।
ज्ञापन में समिति के प्रदेश अध्यक्ष दिनेश चौहान, प्रदेश सचिव राजेंद्र चौहान, जितेंद्र चौहान, जितेंद्र चौहान, राकेश चौहान, साधना, प्रवेश शर्मा, आशीश्वर कुमार उपाध्याय, मनोज त्यागी की ओर से सीएम को भेजे गए ज्ञापन में मांग की गई है कि आजमगढ़ के स्कूल की घटना में जिस प्रिंसिपल व शिक्षक को गिरफ्तार किया गया है, उन्हें बिना जांच के ही गिरफ्तार किया गया है। समिति ने सीएम से गिरफ्तार प्रधानाचार्य व शिक्षक को अविलंब रिहा करने तथा प्रकरण की न्यायिक जांच करा कर निष्पक्ष कार्यवाही किए जाने की मांग की है। Noida News
ग्रेटर नोएडा - नोएडा की खबरों से अपडेट रहने के लिए चेतना मंच से जुड़े रहें। देश-दुनिया की लेटेस्ट खबरों से अपडेट रहने के लिए हमें फेसबुकपर लाइक करें या ट्विटरपर फॉलो करें।