विज्ञापन

Noida News: वेबसाइट पर किराए का मकान सर्च करना एक छात्र को खासा महंगा पड़ा। मकान दिलाने के नाम पर साइबर ठग ने छात्र को 92 हजार रुपए की चपत लगा दी। पीडि़त की शिकायत पर थाना सेक्टर-39 पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।
सेक्टर-41 निवासी सिद्धार्थ बागरिया ने दर्ज रिपोर्ट में बताया कि वह किराए पर मकान लेने के लिए एक वेबसाइट पर सर्च कर रहा था। इस दौरान उसने वेबसाइट पर लिखे एक फोन नंबर पर संपर्क किया। फोन करने वाले ने उस आश्वासन दिया कि वह उसे महज 8 हजार रुपये में फ्लैट दिला देगा। इसके लिए उसे 8 हजार रुपये एडवांस जमा कराने होंगे।
उक्त व्यक्ति की बातों में आकर सिद्धार्थ ने बताए गये खाते में रुपये ट्रांसफर कर दिये। कुछ समय बाद उक्त व्यक्ति का फिर फोन आया कि उसके खाते में पैसे ट्रांसफर नहीं हुए हैं। जालसाज ने सिद्धार्थ को झांसे में लेकर कई बार में उससे 92 हजार रुपये ट्रांसफर करा लिये और उसके बाद अपना मोबाइल फोन स्विच ऑफ कर लिया। ठगे जाने का एहसास होने पर सिद्धार्थ ने अज्ञात साइबर ठग के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया। थाना प्रभारी ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर जांच पड़ताल की जा रही है।
विज्ञापन