
Noida News/ स्वच्छ और हरित नोएडा के एक रिहायशी सेक्टर में रहने वाले नागरिक इन दिनों नाले के बदबूदार पानी की झील में तब्दील हुए पार्क में सैर कर रहे हैं। नाले का गंदा पानी सेक्टर की सडक़ों पर भी बह रहा है।
नोएडा के रिहायशी सेक्टर-19 में इन दिनों हाल बुरा है। सेक्टर के निवासी आर.सी. गुप्ता ने बताया कि नोएडा प्राधिकरण द्वारा सेक्टर-27 से होकर गुजरने वाले ड्रेन संख्या-2 के मरम्मत व रखरखाव का काम किया जा रहा है। लेकिन गंदे नाले के पानी के डायवर्जन की योजना बिना बनाये काम शुरू कर दिया गया। जिसके बाद सेक्टर का बुरा हाल हो गया है।
हल्की सी बारिश के बाद गंदे नाले का पानी रिहायशी कालोनी की सडक़ों पर गंदा व बदबूदार पानी भर गया है। गंदा पानी सेक्टर-19 के पार्क में भी भर गया है। पार्क इन दिनों गंदे व दुर्गंध भरे पानी की झील बना हुआ है। पार्क के आसपास के मकानों में रहने वालों का हाल बुरा है। सेक्टर में दुर्गंध से निवासी परेशान हैं सबसे ज्यादा बुजुर्ग व बच्चों को दिक्कतें हो रही हैं।
मेट्रो स्टेशन सेक्टर-34 एवं ग्राम मोरना से आने वाली रोड पर लग रहे कूड़े के ढ़ेर से सेक्टरवासी परेशान हैं। वहीं साप्ताहिक शुक्र बाजार के बाद फैली गंदगी की भी सफाई नहीं की जाती। सामुदायिक केंद्र सेक्टर-34 में प्राधिकरण के जन स्वास्थ्य विभाग परियोजना अभियंता विजय कुमार रावल एवं फेडरेशन आरडब्ल्यूए सेक्टर-34 के बीच सेक्टर की सफाई व्यवस्था को लेकर बैठक हुई जिसमें इन समस्याओं को उठाया गया।
आरडब्ल्यूए अध्यक्ष के के जैन ने बताया कि सेक्टर-34 सेक्टर की सफाई व्यवस्था को और अधिक दुरुस्त करने एवं मानसून से पूर्व एक विशेष अभियान के अंतर्गत समस्त नालियों की सफाई किए जाने के संबंध में वार्ता हुई। महासचिव धर्मेंद्र शर्मा ने मेट्रो स्टेशन सेक्टर-34 एवं ग्राम मोरना से आने वाली रोड पर लगातार कूड़े के ढेर की समस्या से प्राधिकरण अधिकारी को अवगत कराया।
नोएडा प्राधिकरण के परियोजना अभियंता विजय कुमार रावल द्वारा अगले एक माह में विशेष अभियान के अंतर्गत समस्त नालियों की सफाई करने के साथ ही साथ सफाई व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए के लिए स्वास्थ्य निरीक्षक को निर्देशित किया। इस दौरान वरिष्ठ उपाध्यक्ष जे के याचु, डॉ डी महापात्रा, सुरेंद्र महाजन, संजय नागी, एम सी भारद्वाज, सविता केदार,अनुभा उपाध्याय, आर सी शर्मा, ज्योत्सनामयी आचार्य, रमन विश्वनाथन आदि मुख्य रूप से उपस्थित रहे। Noida News