
Noida News : उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के राज में लुटेरों ने भाजपा नेता के बेटे को ही लूट लिया। लूट की यह घटना उत्तर प्रदेश के नोएडा शहर के सेक्टर 63 में हुई है। नोएडा पुलिस ने लूट की घटना की FIR चोरी की घटना में दर्ज करके मामले को रफा दफा करने का प्रयास किया है।
लूट की यह घटना नोएडा शहर के सेक्टर 63 में हुई है। नोएडा के सेक्टर 63 थाने में मामले की FIR दर्ज कराई गई है। पुलिस ने चोरी की धारा में FRI दर्ज की है। मिली जानकारी के मुताबिक यूपी के शाहजहांपुर जिले में हार्दिक मिश्रा भारतीय जनता पार्टी के अध्यक्ष हैं। उनका बेटा दिनेश चंद्र मिश्रा नोएडा में रहकर नर्सिंग की पढ़ाई कर रहा है। दिनेश चंद्र मिश्रा ने बताया कि वह एक जरूरी काम से नोएडा के सेक्टर 63 में गया था। दिनदहाड़े रास्ते में बाइक पर जा रहे दो युवकों ने दिनेश मिश्रा के हाथ पर झपट्टा मारकर उसका मोबाइल फोन लूट लिया और फरार हो गए। दिनेश चंद मिश्रा ने घटना की जानकारी भाजपा नेता अपने पिता को दी। भाजपा के अध्यक्ष हार्दिक मिश्रा ने पुलिस को सूचित किया। सूचना मिलने पर नोएडा कमिश्नरी पुलिस के सेक्टर 63 कोतवाली थाने की पुलिस ने मामले में एफआईआर दर्ज कर ली है। नोएडा पुलिस ने एफआईआर तो दर्ज कर ली है, किंतु लूट की घटना को चोरी की घटना बनाकर दर्ज किया गया है।
भाजपा के जिला अध्यक्ष के बेटे के साथ दिनदहाड़े हुई लूट की घटना पूरे नोएडा शहर में चर्चा का विषय बनी हुई है। लोगों का कहना है कि पुलिस की पूरी सख्ती व सक्रियता के बावजूद नोएडा में लुटेरों का सक्रिय रहना चिंता का कारण है। लूट की बढ़ती घटनाओं का एक कारण यह भी है कि लूट के मामलों को नोएडा पुलिस चोरी में दर्ज करती है, जब कभी अपराधी पकड़े जाते हैं तो चोरी की धारा के कारण आसानी से जमानत पर छूट जाते हैं। जेल से जमानत पर छूटते ही यह अपराधी फिर से लूटपाट करने लगते हैं। लुटेरों को पता रहता है की चोरी के मामले में उन्हें कोई बड़ी सजा नहीं मिलेगी।
नोएडा के नागरिकों की राय है कि पुलिस को प्रत्येक अपराध उस धारा में दर्ज करना चाहिए जिस धारा का वह अपराध है। ऐसा करने से अपराधियों को उनके किए हुए अपराध की सही सजा मिलेगी। आगे से कोई गंभीर व बड़ा अपराध करने से अपराधी डरेंगे इस प्रकार अपराध पर पूरा नियंत्रण लग सकता है।