
Noida News (चेतना मंच)। बेखौफ बदमाशों ने बीती रात्रि लूट का विरोध करने पर एक दुकानदार की गोली मारकर हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाश मौके से फरार हो गए। मामले का खुलासा करने के लिए पुलिस की चार टीमें लगाई गई है।
मूल रूप से खोड़ा का रहने वाला रचित चौहान सेक्टर 62 स्थित रजत विहार में किराये पर रह रहा था। रचित चौहान खोड़ा कॉलोनी में डिस्पोजल क्राकरी की दुकान करता था। बीती रात्रि करीब सवा 11 बजे रचित दुकान बंद कर स्कूटी पर सवार होकर अपने कमरे पर लौट रहा था। रजत विहार के पास दो बाइक सवार बदमाशों ने रचित को रोक लिया और उसके साथ लूटपाट शुरू कर दी। रचित ने जब लूटपाट का विरोध किया तो बदमाशों ने उस पर फायर कर दिया। सीने में गोली लगने से रचित चौहान लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ा। जिसके बाद बदमाश बाइक पर सवार होकर मौके से फरार हो गए। किसी राहगीर ने घटना की सूचना थाना सेक्टर 58 पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस घायल को उपचार के लिए मेट्रो अस्पताल लेकर पहुंची। उपचार के दौरान रचित चौहान की मौत हो गई। एडीसीपी शक्ति मोहन अवस्थी ने बताया कि परिजनों की शिकायत पर अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। प्रारंभिक जांच में रचित चौहान के दो पुराने विवादों की बात सामने आई है। लूट व विवाद के पुराने मामलों को ध्यान में रखकर गहनता से छानबीन की जा रही है। हत्या की इस वारदात का खुलासा करने के लिए पुलिस की चार टीमों का गठन किया गया है जो संदिग्ध लोगों से पूछताछ कर रही है। उन्होंने बताया कि बदमाशों की धरपकड़ के लिए सर्विलांस टीम की भी मदद ली जा रही है।