
Noida News : इन दिनों हर जगह अयोध्या के श्रीराम मंदिर की चर्चा हो रही है। नोएडा शहर भी इस चर्चा से अछूता नहीं है। 22 जनवरी को अयोध्या में हो रहे भगवान श्रीराम के प्राण-प्रतिष्ठा के घर-घर होने वाले उत्सव में शामिल होने के लिए अयोध्या से भेजे गए अक्षत घर-घर बांटने का कााम चल रहा है। बताया गया है कि नोएडा के 10 लाख घरों में अक्षत के रूप में उत्सव का निमंत्रण पहुंचाया जाएगा। राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ (RSS) से जुड़े तमाम संगठनों ने इस काम में अपनी पूरी ताकत लगा दी है।
आपको बता दें कि RSS तथा विश्व हिन्दु परिषद ने 22 जनवरी को पूरे देश में "आन्दोत्सव" मनाने की घोषणा की है। इस घोषणा का पूरा असर नोएडा तथा ग्रेटर नोएडा में भी नजर आ रहा है। RSS के कार्यकर्ताओं का दावा है कि नेाएडा के 10 लाख घरों में अयोध्या से आए पीले चावल वाले निमंत्रण (अक्षत) को पहुंचाया जाएगा। इस काम को पूरा करने के लिए विश्व हिन्दू परिषद के पूरे नोएडा शहर को 10 भागों में बांटकर उन्हें प्रखंडों का नाम दिया गया है। सभी प्रखंडों के लिए नोएडा में सक्रिय विश्व हिन्दू परिषद के कार्यकर्ताओं की डयूटी लगाई गई है। विश्व हिन्दू परिषद के नेता राजीव वर्मा ने बताया कि नोएडा के हर घर अयोध्या से आए हुए अक्षत पहुंचाने का काम पूरे उत्साह के साथ चल रहा है। 15 जनवरी तक नोएडा के घर-घर में भगवान श्रीराम के निमंत्रण के तौर पर पीले चावल (अक्षत) पहुंचा दिए जाएंगे।
आपको बता दें कि पूरे देश की तरह ही नोएडा शहर के मंदिरों को भी अयोध्या में होने वाले प्राण-प्रतिष्ठा समारोह के लिए सजाया जा रहा है। साथ ही मंदिरों के आसपास के सेक्टरों में प्रचार करके 22 जनवरी को मंदिर में विशेष पूजा तथा समारोह में शामिल होने के लिए बुलावा भेजा जा रहा है। नोएडा शहर में 60 से अधिक छोटे-बड़े मंदिर मौजूद हैं। इन मंदिरों को 22 जनवरी के उत्सव के लिए अलग-अलग ढंग से सजाया जा रहा हैं नोएडा के सेक्टर-19 में स्थित सनातन धर्म मंदिर में विशेष समारोह की तैयारी चल रही है।
सनातन धर्म मंदिर समिति के ट्रस्टी व नोएडा से भाजपा के सांसद डॉ. महेश शर्मा के प्रतिनिधि संजय बाली ने बताया कि 22 जनवरी को अयोध्या में श्रीराम का भव्य प्राण-प्रतिष्ठा उत्सव होगा। उस दिन नोएडा के सनातन धर्म मंदिर में खास उत्सव मनाया जाएगा। आन्दोत्सव के नाम से मनाए जाने वाले उत्सव में पूरे नोएडा शहर के नागरिकों को आमंत्रित किया गया है। मंदिर में बड़ी-बड़ी स्क्रीन लगाकर अयोध्या में होने वाले प्राण-प्रतिष्ठा कार्यक्रम की लाइव दिखाया जाएगा। संजय बाली ने बताया कि नोएडा के जो नागरिक मंदिर में नहीं आ पाएंगे वे सब अपने -अपने घरों में त्यौहार की तरह आनंदपूर्वक भगवान श्रीराम की आराधना करने का काम करेंगे।
आपको बता दें कि सनातन धर्म में लम्बे अर्से से पीले चावल तथा पीली चिट्ठी के द्वारा निमंत्रण देने की परम्परा रही है। इसी परंपरा के तहत अयोध्या के श्रीराम मंदिर ट्रस्ट की तरफ से देश भर में निमंत्रण भेजे गए थे। सैकड़ों कलश में रखे गए पीले चावल (अक्षत) 5 नवंबर 2023 को अयोध्या से देश भर के लिए रवाना किए गए थे। ये पीले चावल देश के अलग-अलग शहरों की तरह नोएडा शहर में भी पहुंच गए हैं। अब इन पीले चावलों (अक्षत) को पूरे नोएडा शहर में हर घर में पहुंचाने का अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के दौरान अनेक महिला मंडल अक्षत कलश यात्रा भी निकाल रही हैं। नोएडा शहर में उत्सव का माहौल बनना शुरू हो गया है।