
Noida News / ग्रेटर नोएडा (चेतना मंच)। हरियाणा से तस्करी कर बिहार ले जाई जा रही शराब की खेप को आबकारी विभाग व थाना नॉलेज पार्क पुलिस टीम ने पकड़ा है। पुलिस ने 65 पेटी शराब सहित ट्रक चालक को गिरफ्तार किया है। पकड़ी गई शराब की कीमत करीब 4 लाख रुपए है।
आबकारी निरीक्षक राहुल सिंह ने बताया कि उन्हें मुखबिर से सूचना मिली कि हरियाणा से ट्रक में छुपा कर अवैध रूप से शराब लाई जा रही है। सूचना के आधार पर उन्होंने आबकारी निरीक्षक चंद्रशेखर व थाना नॉलेज पार्क पुलिस के साथ मिलकर परी चौक पर एक 10 टायरा ट्रक को रुकवाया। तलाशी के दौरान ट्रक खाली मिला। तलाशी के दौरान ड्राइवर के केबिन में खासतौर से छिपाकर बनाया गया छोटा केबिन मिला। तलाशी लेने पर उसमें से रॉयल स्टैग, मैकडॉवेल की 65 पेटी शराब बरामद हुई। पुलिस टीम ने ट्रक चालक हरेंद्र सिंह निवासी जहानाबाद बिहार को दबोच लिया। आबकारी निरीक्षक राहुल सिंह ने बताया कि पूछताछ में हरेंद्र ने कबूल किया कि वह ट्रक मालिक मुरारी के कहने पर हरियाणा से शराब लेकर बिहार जा रहा था। बिहार में शराबबंदी होने के कारण वहां शराब ऊंचे दामों पर बिक रही है जिससे उन्हें काफी मुनाफा होता है। इस संबंध में ट्रक मालिक मुरारी निवासी मुजफ्फरपुर बिहार के खिलाफ भी तस्करी का मुकदमा थाना नॉलेज पार्क में दर्ज किया गया है।