
Noida News (चेतना मंच)। सेक्टर-121 स्थित क्लियो काउंटी सोसायटी में रहने वाले सॉफ्टवेयर इंजीनियर ने घरेलू वाद-विवाद में अपनी पत्नी के साथ जमकर मारपीट की और जान से मारने की नियत से उस पर विदेशी पिस्टल तान दी। पति के चंगुल से बचकर पत्नी ने किसी तरह पुलिस को सूचना दी। जिसके बाद थाना फेस-3 पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के पास से चेकोस्लावाकिया की पिस्टल बरामद हुई है।
थाना प्रभारी विजय कुमार ने बताया कि बीती रात्रि क्लियो काउंटी सोसायटी में रहने वाली नेहा नाम की महिला ने पुलिस को सूचना दी कि उसका पति अमित पवार उसके साथ मारपीट कर रहा है। उसने जान से मारने की नियत से उस पर अवैध पिस्टल तान दी है। सूचना के आधार पर पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और अमित पवार को हिरासत में ले लिया। तलाशी में उसके पास चेकोस्लावाकिया की पिस्टल व कारतूस बरामद हुए।
थाना प्रभारी ने बताया कि पकड़ा गया अमित पवार मूल रूप से मेरठ का रहने वाला है और पेशे से सॉफ्टवेयर इंजीनियर है। आरोपी का अपनी पत्नी से आए दिन विवाद होता रहता था। मारपीट के बाद वह पत्नी को पिस्टल दिखाकर जान से मारने की धमकी देता था। उन्होंने बताया कि आरोपी से पूछताछ कर यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि उसने विदेशी पिस्टल किस से खरीदी थी।