नोएडा सीट से सपा प्रत्याशी महेंद्र नागर ने भरा पर्चा, अनेक नेता रहे मौजूद
Noida News
नोएडा
RP Raghuvanshi
02 Dec 2025 02:33 AM
Noida News : नोएडा (गौतमबुद्धनगर) लोकसभा सीट पर चुनावी संग्राम की विविधवत शुरूआत हो गई है। नोएडा की सीट से घोषित सपा तथा कांग्रेस गठबंधन के प्रत्याशी डा. महेन्द्र नागर सोमवार को अपना पर्चा (नामांकन) भर कर विधिवत चुनावी मैदान में कूद गए हैं। नोएडा की सीट से बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के प्रत्याशी राजेन्द्र सोलंकी दो अप्रैल को तथा भाजपा प्रत्याशी डा. महेश शर्मा तीन अप्रैल को अपना-अपना पर्चा (नामांकन) भरेंगे। सपा प्रत्याशी महेंद्र नागर के पर्चा भरने के दौरान नोएडा तथा ग्रेटर नोएड़ा क्षेत्र में सक्रिय सपा तथा कांग्रस के अनेक नेता मौजूद रहे।
Noida News
पर्चा दाखिल करने का काम शुरू
आपको बता दें कि नोएडा सीट पर पर्चा दाखिल करने की तारीख 28 मार्च से चार अप्रैल तक है। 1 अप्रैल तक नोएडा सीट पर किसी भी प्रत्याशी ने पर्चा नहीं भरा था। एक अप्रैल को सपा प्रत्याशी डा. महेन्द्र नागर ने अपना पर्चा दाखिल कर दिया है। नोएडा सीट से पर्चे ग्रेटर नोएडा स्थित सूरजपुर के पास कलेक्ट्रेट में भरे जा रहे हैं। नोएडा सीट पर पर्चा भरने का यह सिलसिला चार अप्रैल तक चलेगा। सपा प्रत्याशी डॉ. महेंद्र नागर के नामांकन के समय लंबे अरसे से नोएडा तथा ग्रेटर नोएडा में सक्रिय सपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता राजकुमार भाटी, सपा के जिला अध्यक्ष सुधीर भाटी, पूर्व विधायक बंसी सिंह पाहड़िया, सपा नेता तथा बार एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष राम शरण नागर एडवोकेट मौजूद रहे। पर्चा भरने के दौरान सपा नेता बीर सिंह यादव, कांग्रेस के नेता राम कुमार तंवर तथा दिनेश शर्मा और आम आदमी पार्टी के जिला सचिव राकेश अवाना भी कलेक्ट्रेट पर मौजूद थे।
सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त
नोएडा (गौतमबुद्धनगर) सीट पर नामांकन को लेकर ग्रेटर नोएडा में स्थित कलेक्ट्रेट को पूरी तरह से छावनी में बदल दिया गया है। नोएडा (गौतमबुद्धनगर) के जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा जिला निर्वाचन अधिकारी की भूमिका निभा रहे हैं। कलेक्ट्रेट के आसपास बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है।