
Noida News (चेतना मंच)। होशियारपुर गांव के टी प्वाइंट पर बीते रात्रि तेज गति में आ रही कार ने रोड क्रॉस कर रहे बुलेट सवार को टक्कर मार दी। इस हादसे में बुलेट सवार युवक की उपचार के दौरान मौत हो गई।
मूलरूप से ग्राम उमरी आजमगढ़ निवासी उज्जवल सिंह पुत्र नरेंद्र सिंह (26 वर्ष) अशोक नगर दिल्ली में रह रहा था। बीती रात्रि वह अपनी बुलेट मोटरसाइकिल से नोएडा आया था। वह सेक्टर 34 मेट्रो स्टेशन की तरफ से सरफाबाद की तरफ जा रहा था। होशियारपुर टी प्वाइंट पर रोड क्रॉस करते समय तेज गति में आ रही एक कार ने उसकी बुलेट में टक्कर मार दी। टक्कर लगने से उज्जवल सिंह गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया।
दुर्घटना की सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची थाना सेक्टर 24 पुलिस ने उज्जवल को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया जहां उसने दम तोड़ दिया। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और परिजनों को हादसे की सूचना दे दी है। एसीपी का कहना है कि टी प्वाइंट पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल कर आरोपी कार चालक का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।