
Noida News (चेतना मंच)। पुलिस ने अलग-अलग स्थानों से 3 शातिर वाहन चारों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से चोरी की 3 बाइक व एक चाकू बरामद हुआ है। आरोपियों के पास से बरामद बाइक नोएडा तथा दिल्ली से चोरी की गई थी।
थाना सेक्टर 63 प्रभारी अमित कुमार मान ने बताया कि पुलिस एफएनजी रोड पर वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इस दौरान एक बाइक सवार को जांच के लिए रोका गया। पुलिस के मांगने पर बाइक सवार कागजात नहीं दिखा पाया। संदेह के आधार पर ली गई तलाशी में उसके पास एक चाकू बरामद हुआ। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम लकी पासवान पुत्र अजय पासवान बताया। लकी ने कबूल किया कि उसने यह बाइक दिल्ली से चोरी की थी और इस पर वह फर्जी नंबर प्लेट लगाकर चला रहा था। थाना प्रभारी ने बताया कि इस संबंध में बेगमपुर रोहिणी दिल्ली में बाइक चोरी का मामला दर्ज है।
वहीं थाना सेक्टर 113 पुलिस ने मुखबिर की सूचना के आधार पर सेक्टर 123 श्मशान घाट पुस्ते के पास से प्रदीप पुत्र चंद्रपाल को गिरफ्तार किया। उसके पास से चोरी की बाइक बरामद हुई। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने यह बाइक गत दिनों थाना क्षेत्र से चोरी की थी। इसके अलावा थाना सेक्टर 20 पुलिस ने मुखबिर की सूचना के आधार पर अट्टा अंडरपास से सद्दाम हुसैन उर्फ बबलू पुत्र मोहम्मद शमीम को चोरी की बाइक के साथ गिरफ्तार किया। पकड़ा गया आरोपी शशी गार्डन मयूर विहार फेस वन दिल्ली में रहता है। पुलिस ने पकड़े गए तीनों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर न्यायालय में पेश किया है।