
Noida News / ग्रेटर नोएडा। किसी को भी यदि 'फ्री' में सबकुछ मिलने लगे तो फिर उसे फ्री की लत लग जाती है। ऐसी ही 'फ्री' वाली लत ने एक युवक को फाइव स्टॉर होटलों तक पहुंचाया। अपने आप को पढ़ा लिखा समझने वाले इन होटलों के बड़े बड़े मैनेजरों को भी पता नहीं चला कि उन्हें उल्लू बनाया जा रहा है। जो हुआ वह बेहद चौंकाने वाला है।
आज हम आपको बताते हैं कि अक्षय नाम का एक युवक कैसे होटलों में 'फ्री' की मौज मस्ती करता था। इतना ही नहीं वह अपने मित्रों को भी खूब मस्ती कराता था। यह अलग बात है कि ग्रेटर नोएडा के सूरजपुर थाने की पुलिस ने अक्षय को मौज मस्ती की कहानी पर रोक लगा दी है। अब यह महाशय जेल की चक्की पीस रहे हैं। मौज मस्ती की यह कहानी बेहद मजेदार है।
नोएडा कमिश्नरी पुलिस के एडीसीपी डॉ. राजीव दीक्षित ने चेतना मंच को बताया कि पुलिस ने मुखबिर की सूचना के आधार पर मोजर बेयर गोल चक्कर के पास से अक्षय मगावा पुत्र कपूर मगावा निवासी गोडावास थाना नीमका जनपद सीकर, राजस्थान को गिरफ्तार किया। इसके पास से क्रेडिट कार्ड को एडिट कर फर्जी आईडी से होटलों को बुक करने वाले दो मोबाइल फोन, क्रेडिट कार्ड व आधार कार्ड बरामद हुए हैं। एडीसीपी ने बताया कि पकड़ा गया अक्षय यूट्यूब के माध्यम से हैकिंग सिखाने वाले ग्रुप में जुड़कर विभिन्न देशों व भारत के क्रेडिट कार्डों को फर्जी तरीके से एडिट करता था। वह ऐसे होटलों को चुनता था जिनमें ओटीपी व पासवर्ड बताने की जरूरत नहीं पड़ती। वह ऐसे होटलों में एडिट किए गए क्रेडिट कार्ड से पेमेंट कर मौज मस्ती करता था। टेलीग्राम के ग्रुप में इस तरह की एक साइट पर आरोपी अक्षय ने रजिस्ट्रेशन लॉगिन आईडी बनाई हुई थी। इस आईडी से वह भारत व अन्य देशों के क्रेडिट कार्ड की डिटेल प्राप्त करता था। इस साइट पर उपलब्ध कराए गए क्रेडिट कार्ड नंबर को वह पिक्सार्ट ऐप के माध्यम से एडिट करता था।
क्रेडिट कार्ड नंबर से पेमेंट कंफर्म होने के बाद होटलों से बुकिंग कंफर्मेशन व पेमेंट स्लिप मेल आईडी पर आने पर वह अपने दोस्तों को भी होटलों में मौज मस्ती करवाता था। उन्होंने बताया कि आरोपी होटलों में चेक इन के समय पहले से सोशल मीडिया से प्राप्त आधार कार्ड को अपने मोबाइल फोन में दिखाकर फर्जी नामों से होटल में प्रवेश करता था और मौज मस्ती करने के बाद बाहर निकल जाता था। अक्षय टेलीग्राम ग्रुप में जुड़े लोगों को भी कम दाम में फाइव स्टार होटलों की ऐश कराता था। जांच में पता चला है कि आरोपी रेडिसन ब्लू हॉलि डे इन सहित अन्य होटलों को इस तर्ज पर चूना लगा चुका है। Noida News