
Noida News : उत्तर प्रदेश के नोएडा शहर दिल्ली के पास बसा हुआ हाईटेक सिटी माना जाता है। लेकिन यह कितना हाईटेक हो रहा है, इसका उदाहरण नोएडा शहर की सड़कों पर घुमते आवारा पशुओं को देखकर लगाया जा सकता है। नोएडा शहर की ऐसी कोई सड़क नहीं होगी, जिस पर गाय, भैंस और सांड समेत तमाम तरह के आवारा पशु घुमते नजर न आते हों। यह आवारा पशु लोगों की जान के दुश्मन बने हुए हैं। शनिवार को आवारा पशु की वजह से हुए दर्दनाक हादसे में एक युवक की जान चली गई।
आपको बता दें कि उत्तर प्रदेश की योगी सरकार ने कई बार निर्देश जारी किए हैं कि आवारा पशुओं को सड़कों पर घूमने से रोका जाए, लेकिन जिम्मेदार नोएडा एवं ग्रेटर प्राधिकरणों और अन्य जिम्मेदार लोगों ने कभी भी मजबूत कदम नहीं उठाए हैं। नोएडा में एक बाइक सवार एक आवारा मवेशी से टकराकर सड़क पर गिर गया। इसके बाद एक तेज रफ्तार ट्रक ने युवक को रौंद दिया। युवक की मौके पर ही मौत हो गई।
ग्रेटर नोएडा के थाना बादलपुर में हुए इस हादसे का एक सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जो काफी भयावह है। इस वीडियो में दिख रहा है कि आवारा पशु से टक्कर लगने के बाद बुलेट सवार एक युवक सड़क पर गिर गया। इसी दौरान पीछे से आ रही ट्रक उसके सिर के ऊपर से गुजर गई। युवक के सिर पर लगा हेलमेट छिटककर दूर जा गिरा। हादसे में युवक की तत्काल मौत हो गई। यह हादसा ग्रेटर नोएडा के एनएच 91 पर हुआ है।
सीसीटीवी फुटेज में साफतौर पर दिखाई दे रहा है कि बुलेट सवार युवक सड़क पर घूम रहे आवारा पशु से टक्कर गया। इसके बाद पीछे से आ रही तेज रफ्तार कैंटर की चपेट में आने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई।