
Noida News / ग्रेटर नोएडा (चेतना मंच)। थाना जारचा क्षेत्र के कलौंदा गांव में आज सुबह दुकान खाली कराने को लेकर दो पक्षों के बीच वाद विवाद व मारपीट हो गई। इस दौरान एक युवक ने तमंचे से फायर कर दिया। गोली दुकान के बाहर खड़ी एक महिला के पैर में जा लगी।
थाना प्रभारी ज्ञान सिंह ने बताया कि कलौंदा गांव निवासी इसरार की गांव में दुकानें बनी हुई हैं। इन दुकानों में गांव के ही आखिर व फिरोज पर परचून की दुकान करते हैं। किराए को लेकर दुकान मालिक व दुकानदारों के बीच पिछले कुछ समय से विवाद चला आ रहा है। दुकान मालिक इसरार ने दोनों को दुकान खाली करने का अल्टीमेटम दे दिया था। आज सुबह इसरार दुकान पर पहुंचा और उसने आकिल व फिरोज से दुकान खाली करने को कहा। इस पर तीनों के बीच वाद विवाद हो गया।
वाद विवाद के दौरान आकिल व फिरोज ने इसरार के साथ मारपीट करनी शुरू कर दी। इस दौरान आकिल ने तमंचे से फायर कर दिया। गोली दुकान के बाहर खड़ी एक महिला के पैर में जा लगी। गोली लगने से महिला लहूलुहान होकर गिर पड़ी और मौके पर भगदड़ मच गई। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची थाना जारचा पुलिस ने घायल महिला को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया है। पुलिस ने पीडि़त की शिकायत पर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है और उनकी तलाश कर रही है।