
Noida News : (चेतना मंच)। मोटी कमाई कर अपने शौक पूरे करने के लिए छात्रों ने शॉर्टकट अपनाते हुए अपराध का रास्ता चुन लिया। छात्र अवैध हथियारों के सौदागरों से तमंचा खरीदकर उन्हें छात्र व युवाओं को ऊंचे दामों पर बेचने लगे। मुखबिर की सूचना पर कासना पुलिस ने इन चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। इनके पास से 6 तमंचे व कारतूस बरामद हुए हैं।
ग्रेटर नोएडा जोन के एडीसीपी अशोक कुमार ने बताया कि थाना कासना प्रभारी संतोष कुमार शुक्ला को सूचना मिली कि अवैध हथियारों के सौदागर हथियार बेचने के लिए आने वाले हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने बुलेट पर आ रहे चार युवकों को हिरासत में लिया। तलाशी में इनके पास से 6 तमंचे व कारतूस बरामद हुए। पूछताछ में आरोपियों ने अपने नाम अमन, राज, अभिषेक चौधरी निवासी छतारी बुलंदशहर तथा अभिषेक सिंह निवासी अलीगढ़ बताए।
आरोपियों ने बताया कि वह अलीगढ़ के जवां स्थित अमृता सिंह कॉलेज में पढ़ते हैं। अलीगढ़ से वह तीन हजार रूपए में तमंचा खरीद कर उन्हें नोएडा, ग्रेटर नोएडा में पढऩे वाले छात्रों व युवाओं को 8 से 10 हजार रूपए के बीच बेचते थे। आरोपियों ने बताया कि जल्द अमीर बनने तथा अपने शौक पूरा करने के लिए उन्होंने अपराध का रास्ता चुना है।