
Noida News : शहर की सड़कों पर स्टंट करना स्टंटबाजों को अब खासा महंगा पड़ेगा। सड़कों पर स्टंट कर आम जनता की जान के साथ खिलवाड़ तथा पुलिस की नाक में दम करने वाले स्टंटबाजों की नकेल कसने के लिए गौतमबुद्धनगर कमिश्नरेट की ट्रैफिक पुलिस अब एक्शन मोड में नजर आ रही है। स्टंट करते पाए जाने पर नियमानुसार चालान होने के साथ-साथ वाहन की आरसी और डीएल निरस्त होंगे बल्कि चालक को भी जेल की हवा खानी होगी।
हाल ही में थाना नॉलेज पार्क क्षेत्र में कार सवार द्वारा स्टंटबाजी तथा थाना बिसरख क्षेत्र में थार कार सवार द्वारा पुलिसकर्मी को कुचलने के प्रयास की वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने पर डीसीपी ट्रैफिक अनिल कुमार यादव ने कड़ा रुख अपनाया है। उन्होंने कहा है कि सड़क लोगों के चलने के लिए है न कि स्टंट कर दूसरों की जान जोखिम में डालने के लिए हैं। ऐसे में सड़कों पर स्टंट की किसी घटना को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। स्टंट की घटना सामने आने पर वाहन की आरसी तथा चालक का ड्राइविंग लाइसेंस निरस्त करने के लिए ट्रैफिक पुलिस द्वारा परिवहन विभाग को संस्तुति की जाएगी। स्टंट किए जाने वाले वाहन के खिलाफ नियमानुसार चालान की कार्रवाई के साथ-साथ चालक के खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस की कड़ी कार्यवाही के तहत स्टंट बाज चालक को जेल की हवा भी खानी होगी।
डीसीपी ट्रैफिक अनिल यादव ने बताया कि नॉलेज पार्क क्षेत्र के वायरल वीडियो की जांच के आधार पर पुलिस ने कार चालक सागर भाटी को गिरफ्तार कर कार को सीज कर दिया है। ट्रैफिक पुलिस द्वारा कार का 37 हजार रूपये का चालान किया गया है, साथ ही आरसी और चालक के ड्राइविंग लाइसेंस के निरस्तीकरण के लिए रिपोर्ट भी परिवहन विभाग को प्रेषित की जा रही है। इसके अलावा थार कार चालक द्वारा ट्रैफिक पुलिस कर्मी को कुचलने के प्रयास के मामले में थार के नंबर के आधार पर पुलिस आरोपी के खिलाफ कार्रवाई कर रही है।
आपको बता दें कि स्टंटबाजों के खिलाफ कमिश्नरेट पुलिस लगातार कड़ी कार्रवाई कर रही है। कार्रवाई के तहत वाहनों के चालन कर उन पर हजारों रुपये का जुर्माना लगाया जा रहा है। इसके बावजूद भी स्टंटबाज अपनी हरकतों से बाज नहीं आ रहे हैं। ट्रैफिक पुलिस द्वारा स्टंटबाजों पर भारी-भरकम जुर्माना लगाए जाने के बावजूद भी आए दिन किसी न किसी थाना क्षेत्र में स्टंट किए जाने की वीडियो वायरल हो रही है। स्टंटबाज आम जनता के साथ-साथ पुलिस के लिए भी सिरदर्द बने हुए हैं।