
Noida News (चेतना मंच)। उत्तर प्रदेश के नोएडा के पॉश सेक्टर-40 में सोमवार हुए सुपरवाइजर के कत्ल में सनसनीखेज खुलासा हुआ है। आशनाई में रची गई खौफनाक साजिश का पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस ने सुपरवाइजर के कत्ल में उसकी प्रेमिका को गिरफ्तार किया है। प्रेमिका ने अपने पति व एक अन्य युवक के साथ मिलकर गला रेतकर प्रेमी (सुपरवाइजर) को मौत के घाट उतार दिया था। कुछ ही घंटे में पुलिस ने सनसनीखेज घटना का खुलासा करते हुए महिला सहित तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया है।
डीसीपी हरिश्चंद्र ने बताया कि सोमवार को नोएडा थाना 39 क्षेत्र के सेक्टर 40 स्थित जनता फ्लैट में 55 वर्षीय शशि शर्मा का शव मिला था। शशि शर्मा की गला रेत कर निर्ममता से हत्या की गई थी। जांच में पुलिस को पता चला था कि शशि शर्मा मूल रूप से जनपद बुलंदशहर के गांव लालनेर के रहने वाले थे और नोएडा प्राधिकरण में कार्यरत ठेकेदार के यहां सुपरवाइजर थे। वह पिछले दो वर्षों से सेक्टर 40 स्थित जनता फ्लैट में अकेले रह रहे थे। सोमवार को सेक्टर 82 में रहने वाला उनका भतीजा धर्मेंद्र शर्मा उनके मकान पर पहुंचा तब उनकी हत्या की जानकारी मिली।
डीसीपी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में पुलिस को सुराग मिला कि रविवार की शाम को एक महिला सहित तीन लोग उनसे मिलने के लिए आए थे। फ्लैट के आगे बने पार्क में तीनों लोगों से शशि शर्मा की कहासुनी भी हुई थी। जांच में पता चला कि शशि शर्मा से मिलने के लिए भरत चौहान, उनकी पत्नी सीमा चौहान व राजा तिवारी आए थे। संदेह के आधार पर तीनों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई तो तीनों ने शशि शर्मा की हत्या का गुनाह कबूल लिया।
कई साल से चल रहा था प्रेम प्रसंगपुलिस पूछताछ में भरत चौहान ने बताया कि वह और शशि शर्मा दोनों ठेकेदार के यहां काम करते थे। इस कारण दोनों के बीच दोस्ती थी और घर आना-जाना था। इसी दरम्यान शशि शर्मा के संबंध उसकी पत्नी सीमा चौहान से हो गए। करीब 2 साल पहले जब उन्हें इस बात का पता चला तो उन्होंने शशि शर्मा से नाता तोड़ लिया। इसके बावजूद मृतक शशि शर्मा उसकी पत्नी सीमा चौहान से लगातार फोन पर बात करता रहता था। एक दिन उन्हें अपने पत्नी के मोबाइल फोन में रिकॉर्डिंग मिली, जिसमें शशि शर्मा उसकी पत्नी सीमा चौहान से बात कर रहा था।
इस पर वह अपनी पत्नी सीमा चौहान तथा जानकार राजा तिवारी को साथ लेकर शशि शर्मा को समझाने के लिए उसके मकान पर पहुंचे। भरत चौहान के मुताबिक उसने जब शशि शर्मा से अपनी पत्नी से दूर रहने को कहा तो वह भड़क उठा और उसने सीमा चौहान पर हाथ उठा दिया। इस बात से गुस्सा कर तीनों ने मिलकर उसका चाकू से गला रेत दिया। हत्या करने के बाद तीनों चुपचाप अपने घर आ गए। डीसीपी ने बताया कि भरत चौहान, सीमा चौहान मूल रूप से जालौन तथा राजन तिवारी गोरखपुर का रहने वाला है। राजन तिवारी बीटेक का छात्र है और वह भारत चौहान का परिचित है।