Noida News : सुप्रीम कोर्ट के वकील का ऑफिस में मिला शव सिर के पीछे गहरी चोट का निशान
Greater Noida Hindi News
भारत
चेतना मंच
02 Dec 2025 02:19 AM
Noida News : सेक्टर-137 में रहने वाले सुप्रीम कोर्ट के अधिवक्ता का लहूलुहान शव उसके ऑफिस से मिला है। मृतक के सिर पर पीछे की तरफ गहरी चोट का निशान है। पुलिस इस मामले को हादसा बता रही है जबकि चर्चा है कि अधिवक्ता की हत्या की गई है।
मूल रूप से केरल के रहने वाले (49 वर्षीय) सुमित पाडेकर पुत्र अच्युतानंद पाड़ेकर सेक्टर-137 में अकेले रहते थे। उन्होंने घर में ही अपना ऑफिस बनाया हुआ था। सुमित पाडेकर दिल्ली के सुप्रीम कोर्ट में प्रैक्टिस करते थे। मंगलवार की शाम को उनका असिस्टेंट राजेश कुमार राणा ऑफिस पर पहुंचा तो उसे सुमित पाडेकर लहूलुहान स्थिति में फर्श पर पड़े हुए मिले। राजेश कुमार राणा ने इसकी सूचना तुरंत थाना सेक्टर-142 पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने छानबीन के पश्चात शव का पंचनामा भरकर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
Noida News :
थाना प्रभारी उत्तम कुमार ने बताया कि प्रारंभिक जांच में पता चला है कि सुमित पाडेकर अत्यधिक शराब का सेवन करते थे। उन्होंने आशंका जताई है कि संभवत शराब के नशे में पैर फिसलने के कारण उनका सिर दीवार से लगा और वह गंभीर रूप से घायल हो गए। अधिक नशे में होने के कारण वह किसी को सहायता के लिए भी नहीं बुला पाए। अधिक खून बहने की वजह से उनकी मौत हो गई। थाना प्रभारी के मुताबिक ऑफिस की दीवार पर भी एक जगह खून और सिर के बाल लगे हुए मिले हैं। वही चर्चा है कि अधिवक्ता की हत्या की गई है। पुलिस की प्रारंभिक जांच में भी पता चला है कि अधिवक्ता के अपनी पत्नी से भी संबंध ठीक नहीं चल रहे थे। काफी समय से उसकी पत्नी उससे अलग रह रही है। पुलिस का कहना है कि हादसे के अलावा अन्य बिंदुओं पर भी जांच की जा रही है।