Noida News : एक कोतवाल के तबादले पर बंटी मिठाई, 'राजा' वाला स्टाईल था
भारत
RP Raghuvanshi
01 Dec 2025 09:39 PM
भारत
RP Raghuvanshi
01 Dec 2025 09:39 PM
Noida : नोएडा। अंग्रेजों के जमाने के कोतवाल की तरह अपने आप को थाना क्षेत्र का 'राजा' समझने वाले कोतवाली प्रभारी के तबादले का व्यापक स्वागत हो रहा है। कई भुक्तभोगियों ने तो इस तबादले की खुशी में मिठाई तक बांटी है। चर्चा है कि इस कोतवाल ने 170 करोड़ रूपए की ठगी के मामले में बड़ा 'खेल' किया है।
हम बात कर रहे हैं नोएडा शहर के सबसे प्रमुख थाने थाना सेक्टर-58 के कोतवाल विनोद कुमार यादव की। विनोद कुमार को ना केवल थाने से हटाया गया है बल्कि गौतमबुद्धनगर कमिश्नरी से तुरंत कार्य मुक्त करके पुलिस ट्रेनिंग स्कूल (पीटीएस) जालौन भेजा गया है। यह पूरी कार्यवाही प्रदेश के कार्यवाहक पुलिस महानिदेशक देवेन्द्र चौहान के निर्देशा पर हुई है। आरोप है कि विनोद कुमार नाम का यह कोतवाल भी 'राजा' की तरह व्यवहार करता था। इस इंस्पेक्टर से कोई भी शिकायत की जाती थी तो ना केवल हमेशा टरका देता था बल्कि शिकायतकर्ता को ही दोषी बनाने का हथकंडा भी अपनाता था। सेक्टर-58 थाना क्षेत्र में रहने वाले वे तमाम नागरिक इस दरोगा से त्रस्त थे जिनका वास्ता किसी ना किसी रूप में थाने से पड़ता है।
आरोप है कि इसी थाना क्षेत्र में फर्जी कॉल सेंटर चलाने वाले एक गिरोह को इस कोतवाल का खुला संरक्षण प्राप्त था। इस कॉल सेंटर के संचालकों को एसटीएफ (लखनऊ) की टीम ने पकड़ा था। यह गिरोह 170 करोड़ से भी अधिक की ठगी कर चुका है। इस ठगी में अंग्रेजों के जमाने के स्टाईल वाले कोतवाल ने बड़ा खेल किया बताया जाता है। इस कोतवाल के तबादले का पूरे थाना क्षेत्र में व्यापक स्वागत हो रहा है। कई भुक्तभोगियों ने तो इस तबाले की खबर मिलने पर मिठाई भी बांटी है।
एक भुक्तभोगी ने चेतना मंच से कहा कि यही तो होता है 'भगवान की लाठी में आवाज का ना होना'।