
Noida News (चेतना मंच)। उत्तर प्रदेश के नोएडा में माल ढोने के लिए मैसर्स आइएक्स एनर्जी द्वारा डीजल संचालित टाटा 407 एलटीपी इलेक्ट्रिक वाहन में परिवर्तित करने का अनोखा प्रयोग किया गया है। इसमें रेट्रोफिटमेट तकनीक का प्रयोग किया गया है।
नोएडा के सेक्टर-32 स्थित सहायक संभागीय परिवहन कार्यालय में निरीक्षण के लिए यह वाहन भेजा गया है। एआरटीओ (प्रशासन) सियाराम वर्मा तथा निरीक्षक संजय गुप्ता व विनय कुमार सिंह ने इस इलेक्ट्रिक माल वाहक वाहन का निरीक्षण किया।
एआरटीओ सियाराम वर्मा ने बताया कि इस वाहन को ऑटोमेटिव रिसर्च एसोसिएशन ऑफ इंडिया (एआरएआई) पुणे द्वारा अनुमति मिलने के बाद इस माल वाहक को परीक्षण के लिए भेजा जा सकेगा।
उन्होंने बताया कि आईएएस एनर्जी प्रा.लि. ने माल वाहक टाटा 407 एलटीपी के डीजल इंजन को हटाकर उसे इलेक्ट्रिक व्हीकल में परिवर्तित किया है। एक बार चार्ज करने पर यह वाहन 110 किमी चलेगा। प्रति किलोमीटर 4 रूपये का खर्च आएगा। वाहन से डीजल इंजन हटाकर मीटर तथा स्पीड कंट्रोलिंग डिवाइस तथा बैटरी लगाई गई है। रेट्रो फिटमेट की कुल कीमत 24-25 लाख रूपये बताई गई है।