
Noida News नोएडा (चेतना मंच)। थाना फेस-2क्षेेत्र के अक्षरधाम (Akshardham) कॉलोनी ककराला में आज तडक़े (17 वर्षीय) किशोर ने फांसी लगाकर आत्महत्या (Suicide) कर ली। मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। वहीं थाना बिसरख (Bisrakh) क्षेत्र के सेक्टर-2 पतवाडी गांव में किशोरी ने फांसी लगाकर आत्महत्या (Suicide) कर ली। आत्महत्या के कारणों का खुलासा नहीं हो पाया है।
मूल रूप से बस्ती निवासी राजेश अपने परिजनों के साथ अक्षरधाम (Akshardham) कॉलोनी में रह रहे हैं। बीती रात परिवार के सभी सदस्य खाना खाने के पश्चात सोने के लिए चले गए। आज सुबह जब राजेश सोकर उठे तो कमरे में उन्हें (17 वर्षीय) बेटा सच्चिदानंद फांसी के फंदे पर लटका मिला। उन्होंने परिजनों की मदद से उसे नीचे उतारा लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची थाना फेस-2 पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर उसे पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।
थाना प्रभारी का कहना है कि मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है जिस कारण आत्महत्या (Suicide) के कारणों का पता नहीं चल पा रहा है। परिजन भी सच्चिदानंद द्वारा आत्महत्या (Suicide) किए जाने के पीछे कोई ठोस कारण नहीं बता रहे हैं। पुलिस मामले की जांच पड़ताल कर रही है।
उधर भागलपुर बिहार निवासी तस्लीम अपने परिजनों के साथ सेक्टर-2 पतवाडी गांव में रह रहा है। बुधवार को तस्लीम व उसकी पत्नी किसी कार्य से घर से बाहर गए हुए थे। घर पर उनकी (14 वर्षीय) बेटी सीमा अकेली थी। कुछ समय बाद जब तस्लीम घर वापस लौटा तो उसे सीमा फांसी के फंदे पर लटकी हुई मिली। तस्लीम की भतीजी साजिदा ने थाना बिसरख पुलिस को इस घटना की जानकारी दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को फंदे से उतारकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।