
Noida News : रविवार, 15 अक्टूबर यानि आज से मां दुर्गा के स्वागत के लिए नोएडा और ग्रेटर नोएडा शहर समेत पूरे गौतमबुद्धनगर जनपद के तमाम मंदिर पूरी तरह से सज गए हैं। मां दुर्गा के स्वागत के लिए घरों पर भी तैयारी की जा रही है। आज शुभ मुहूर्त में घट स्थापना किए जाने के साथ ही माता रानी घरों में विराजमान होंगी।
नोएडा कमिश्नरेट पुलिस ने माता के दर्शन के लिए मंदिरों में आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा का जहां विशेष ध्यान रखा है, वहीं दूसरी ओर श्रद्धालुओं की भीड़ से उत्पन्न होने वाली जाम की स्थिति से निपटने की तैयारी भी की है। उधर, मंदिरों में सुबह और शाम को माता के भजन और कीर्तन की व्यवस्था की गई है।
आपको बता दें कि शारदीय नवरात्र में नौ दिन सुबह हवन से लेकर शाम के कीर्तन तक का इंतजाम मंदिरों में किया गया है। इसके अलावा शहर के मुख्य बाजार भी सज गए हैं। शनिवार की यहां देर रात तक बाजारों में भीड़ देखने को मिली। नारियल, माता की चुनरी, श्रृंगार के सामान समेत लोगों ने नवरात्रि व्रत से संबंधित सामान की जमकर खरीदारी की।
रविवार की सुबह से ही सेक्टर-19 स्थित सनातन धर्म मंदिर, सेक्टर-44 स्थित शिव शक्ति मंदिर, सेक्टर-20 स्थित हनुमान मंदिर और सेक्टर-100 स्थित वोडा महादेव मंदिर सहित अन्य मंदिरों में कलश स्थापना और पूजा-अर्चना शुरू होगी।
नोएडा और ग्रेटर नोएडा शहर में जगह-जगह देव पंडाल सज गए हैं। सेंट्रल नोएडा पूजा कमेटी अयोध्या राम मंदिर थीम पर पंडाल बना रही है। पंडाल में सांस्कृतिक आयोजन भी होंगे। इसके साथ ही नोएडा के सेक्टर-26, सेक्टर-62 और सेक्टर-34 सहित अन्य सेक्टरों में भी देवी पंडाल सजाए गए हैं।