
Noida News (चेतना मंच)। थाना फेस-1 क्षेत्र के सेक्टर-8 में एक टेंपो चालक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। वहीं थाना सूरजपुर क्षेत्र के मकोड़ा गांव में एक टेलर मास्टर ने फांसी लगाकर अपनी जान दे दी। मौके से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुए हैं, जिस कारण आत्महत्या के कारणों का पता नहीं चल पाया है।
मूल रूप से हरदोई निवासी (23 वर्षीय) गोलू मिश्रा पुत्र संतोष मिश्रा अपने एक साथी के साथ सेक्टर-8 में किराए पर रह रहा था। गोलू मिश्रा नोएडा में टेंपो चलाता था। बुधवार शाम को जब गोलू मिश्रा का साथी कमरे पर पहुंचा तो उसे गोलू मिश्रा फांसी के फंदे पर लटका हुआ मिला। उसने इसकी सूचना तुरंत थाना फेस-1 पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को फंदे से उतारकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। थाना प्रभारी धु्रव भूषण दुबे ने बताया कि प्रारंभिक जांच में पता चला है कि गोलू मिश्रा पिछले कुछ समय से मानसिक रूप से परेशान चल रहा था।
थाना सूरजपुर क्षेत्र के मकोड़ा गांव में रहने वाले (42 वर्षीय) राज सिंह ने अपनी दुकान में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। राज सिंह टेलर मास्टर था और गांव में ही उसकी कपड़े सिलाई की दुकान थी। बुधवार को जब वह घर नहीं पहुंचा तो उसका बेटा दुकान पर पहुंचा था। दुकान का आधा शटर बंद था। शटर उठाकर राज सिंह का बेटा जब अंदर पहुंचा। अंदर का नजारा देखकर उसके होश उड़ गए। दुकान में फांसी के फंदे पर राज सिंह का शव लटका हुआ था।