Noida News : नोएडा सेक्टर-6 के नोएडा एंट्रेप्रिन्योर्स एसोसिएशन (NEA) के सभागार में आयोजित समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में गौतमबुद्ध नगर के सांसद एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. महेश शर्मा, नोएडा के विधायक पंकज सिंह और दादरी के विधायक तेजपाल नागर शामिल हुए। इस कार्यक्रम में नोएडा की बेहतरीन सोसाइटियों को सम्मानित किया गया।
नोएडा-ग्रेटर नोएडा की 200 से अधिक सोसाइटियां शामिल हुई
इस अभियान में नोएडा-ग्रेटर नोएडा की 200 से अधिक सोसाइटियां शामिल हुई। इनमें से 39 सोसाइटियों को प्रेजेंटेशन के लिए बुलाया गया। इन सोसाइटियों को तीन कैटेगिरी में बांटा गया। पहली कैटेगिरी में 2500 से अधिक फ्लैट वाली सोसाइटियों को शामिल किया गया जबकि दूसरी में एक हजार से 2500 फ्लैट तक की व तीसरी में एक हजार फ्लैट तक की सोसाइटियों को रखा गया।
जजों के सामने अपनी सोसाइटियों की खासियत बताया
सभी सोसाइटियों ने अपने-अपने यहां की खूबियों को जजों के पैनल के सामने प्रस्तुत किया। पैनल में नोएडा प्राधिकरण के रिटायर्ड डीजीएम एससी मिश्रा, नोएडा प्राधिकरण के रिटायर्ड चीफ टाउन प्लानर एससी गौड़ और रिटायर्ड चीफ इंजीनियर कुलभूषण वार्ष्णेय ने मानकों के आधार पर सोसाइटियों को परखा। सोसाइटियों के पदाधिकारियों ने न केवल अपने यहां की खूबियों को बताया बल्कि अन्य सोसाइटियों के अच्छे पहलुओं को भी समझा और एक दूसरे से अपने अनुभव साझा किए। Noida News