
Noida News /ग्रेटर नोएडा (चेतना मंच)। खेत में अवैध निर्माण का विरोध करने पर 4 दबंगों ने पड़ोसियों से जमकर मारपीट की। मारपीट के दौरान जान से मारने की नियत से आरोपियों ने उसका गला दबा दिया। बेहोश होने के बाद ग्रामीण मरा समझकर आरोपी मौके से फरार हो गए। पीड़ित ने 4 लोगों के खिलाफ थाना दनकौर में मुकदमा दर्ज कराया है।
ग्राम दलेलगढ़ निवासी विपिन ने दर्ज रिपोर्ट में बताया कि वह 10 नवंबर 2022 को अपने खेत में पानी लगाने के लिए गया था। इस दौरान गांव के ही डोली उर्फ योगेंद्र, धर्मेंद्र पुत्र महेंद्र, यशपाल पुत्र का खेड़ा व हरेंद्र पुत्र जगत सिंह उसके हिस्से के खेत पर अवैध निर्माण कर रहे थे। इस बात का जब उसने विरोध किया तो आरोपियों ने गाली-गलौज व लाठी डंडों से मारपीट शुरू कर दी। इस दौरान आरोपियों ने उसे जान से मारने की नियत से उसका गला दबा दिया। गला दबाने के कारण वह बेहोश हो गया जिसके बाद उसे मरा समझकर आरोपी मौके से फरार हो गए।
जानकारी मिलने पर परिजन खेत पर पहुंचे और उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया। इसकी सूचना थाना दनकौर पुलिस को दी, लेकिन पुलिस ने मुकदमा दर्ज नहीं किया। विपिन के मुताबिक डोली और योगेंद्र अपराधिक प्रवृत्ति का व्यक्ति है जो गांव में कुछ लोगों पर पूर्व में भी गोली चला चुका है। इस घटना को अंजाम देने के बाद भी आरोपी मुझसे फोन पर लगातार जान से मारने की धमकी दे रहे हैं। थाना प्रभारी ने बताया कि यह मामला न्यायालय के आदेश पर दर्ज हुआ है। पुलिस ने चारों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच पड़ताल शुरू कर दी है। Noida News