
Noida News / ग्रेटर नोएडा (चेतना मंच)। थाना बिसरख क्षेत्र के तिगरी बॉर्डर पर गत 3 मई की रात 3 बैंड कर्मियों को कुचलने वाले कैंटर चालक को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। इस मामले में पुलिस ने कैंटर चालक के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का मामला दर्ज किया था। कैंटर के परिचालक को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है।
थाना प्रभारी अनिल राजपूत ने बताया कि मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने गौर सिटी चौराहे के पास से कैंटर चालक रिंकू को गिरफ्तार किया है। आरोपी 3 मई की रात को हुई घटना के बाद से लगातार फरार चल रहा था।
आपको बता दें कि गाजियाबाद निवासी सीटू उर्फ भोला पुत्र श्रीराम, जैनुद्दीन पुत्र बशारत खान व भुवनेश पुत्र धर्मपाल गत 3 मई की रात्रि को एक विवाह समारोह में बैंड बजा कर वापस अपने घर लौट रहे थे। रात्रि करीब 2 बजे के आसपास तिगरी बॉर्डर पर अज्ञात वाहन ने तीनों को कुचल दिया जिससे उनकी मौत हो गई थी। इस संबंध में शुरुआत में अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का मामला दर्ज किया गया था।
घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने पर पता चला कि तेज गति में आ रहे कैंटर चालक ने इस घटना को अंजाम दिया था। फुटेज से मिले कैंटर नंबर के आधार पर थाना बिसरख पुलिस ने परिचालक को पहले गिरफ्तार कर लिया था। इस मामले में चालक रिंकू फरार चल रहा था जिसे पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।