
Noida News : नोएडा (चेतना मंच)। चोरी और ऊपर से सीना जोरी वाली कहावत जनपद में शराब के ठेके के सेल्समैनो (salesman) के ऊपर सटीक बैठ रही है। आम लोगों के अलावा सेल्समैन अब आबकारी विभाग (Excise Department) पर भी भारी पड़ रहे हैं। आबकारी विभाग की टीम ने प्रिंट रेट से अधिक मूल्य पर शराब बेच रहे सेल्समैन को जब मौके पर दबोच लिया तो उसने पुलिसकर्मियों के साथ गाली गलौज कर मारपीट करने का प्रयास किया। आबकारी विभाग ने दो आरोपियों को दबोच कर थाना सेक्टर 24 के हवाले कर दिया जबकि सेल्समैन गाड़ी से कूदकर फरार हो गया। आबकारी निरीक्षक गौरव चंद (Gaurav Chand) ने बताया कि वह पुलिसकर्मियों के साथ शराब की दुकानों की चेकिंग कर रहे थे। इस दौरान शिकायत मिली कि सेक्टर-22 स्थित देसी शराब की दुकान पर विक्रेता द्वारा अधिक मूल्य पर शराब की बिक्री की जा रही है। इस पर उन्होंने आबकारी सिपाही विष्णु सिंह को ठेके पर भेजकर गोपनीय रूप से टेस्ट परचेज कराया। टेस्ट परचेज में दुकान पर उपस्थित विक्रेता राजेश सक्सेना पुत्र जगदीश सक्सेना निवासी सोरखा ने प्रिंट रेट से 5 रूपये अधिक वसूल लिए। इस पर जब सिपाही विष्णु ने अधिक पैसे देने पर आपत्ति जताई तो सेल्समैन ने उसके साथ गाली गलौज शुरू कर दी और इस दौरान 2 लडक़ों को बुलाकर उसके साथ मारपीट का प्रयास किया।
आबकारी निरीक्षक ने बताया कि सेल्समैन उल्टा आबकारी विभाग Excise Department) की टीम पर पैसा मांगने का आरोप लगाने लगा। इस दौरान सेल्समैन ने कई बार दीवार ने अपना सर देकर मारा। इसके बाद आबकारी विभाग Excise Department) की टीम ने करण सिंह पुत्र राम चरण सिंह, अनिल सक्सेना पुत्र जगदीश सक्सेना व राजेश सक्सेना पुत्र जगदीश सक्सेना को गाड़ी में बैठा लिया। थाने ले जाते समय राजेश सक्सेना आबकारी सिपाही राकेश शर्मा से मारपीट का प्रयास करते हुए गाड़ी से कूदकर भाग गया। आरोपियों के खिलाफ थाना सेक्टर-24 में सरकारी कार्य में बाधा, मारपीट के प्रयास सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया गया है।