
Noida News (चेतना मंच)। सोशल मीडिया पर एक युवती को एक्टिव रहना खासा महंगा पड़ रहा है। एक शोहदे ने युवती का फर्जी एकाउंट क्रिएट कर दिया और युवती की असली इंस्टाग्राम आईडी से फोटो चोरी कर फर्जी एकाउंट पर पोस्ट कर रहा है तथा गंदे कमेंट कर रहा है। पीड़िता ने थाना सेक्टर-20 में अज्ञात आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है।
सेक्टर-20 में रहने वाली रेशमा (काल्पनिक नाम) ने दर्ज रिपोर्ट में बताया कि करीब एक सप्ताह से कोई अज्ञात शख्स उसे सोशल मीडिया पर बदनाम करने का काम कर रहा है। इंस्टाग्राम आईडी से उसकी तस्वीरें चोरी करके उसके फर्जी अकाउंट बनाकर उसकी तस्वीरों पर गंदे कमेंट के साथ पोस्ट कर रहा है। पीडि़ता का कहना है कि उसे अलग-अलग स्थानों से कॉल और मैसेज आ रहे हैं। इस कारण उसकी नौकरी भी खतरे में पड़ी हुई है। आरोपी द्वारा सोशल मीडिया पर किए गए कमेंट इतने भद्दे हैं कि वह मानसिक रूप से परेशान हो चुकी है और उसके मन में लगातार आत्महत्या के ख्याल आ रहे हैं।
पीड़िता ने इसकी शिकायत साइबर क्राइम सेल में की थी। जांच पड़ताल के बाद साइबर सेल ने मामले को थाना सेक्टर-20 ट्रांसफर कर दिया। थाना प्रभारी का कहना है कि पीडि़ता की शिकायत पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। आरोपी द्वारा इस्तेमाल किए जा रहे आईपी ऐड्रेस की जानकारी जुटाकर उस तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है। Noida News