Noida News : नोएडा से लगातार चोरी की वारदात सामने आती जा रही है। पुलिस के लाख कोशिशों के बावजूद शातिर बदमाश के कदम थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। ऐसे में चोरों ने न सिर्फ नोएडा वासियों की बल्कि पुलिस की भी नींद उड़ा दी है। इसी बीच नोएडा शहर के अलग-अलग स्थानों पर बदमाशों ने लूट की तीन वारदातों को अंजाम दिया है। बाइक सवार बदमाशों ने मॉर्निंग वॉक कर रही महिला से सोने की चेन तथा दो लोगों से मोबाइल फोन लूट लिए। फिलहाल पुलिस ने पीड़ितों की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है।
मॉर्निंग वॉक पर निकली थी महिला
न्यू अशोकनगर दिल्ली निवासी चंदन कुमार ने दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि 27 जुलाई को उसकी पत्नी सोनम कुमारी मॉर्निंग वॉक करने के लिए गई थी। मॉर्निंग वॉक करते हुए वह सेक्टर-1 के भीलवाड़ा टॉवर के पास पहुंची तो पीछे से बाइक पर आए तीन बदमाशों ने उनके गले से सोने की चेन झपट ली। उनकी पत्नी ने शोर मचाया लेकिन तब तक बदमाश बाइक से रफू चक्कर हो गए। थाना फेस-1 प्रभारी ने बताया कि पीड़ित की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को खंगाला जा रहा है।
हाथ से मोबाइल फोन छीन फरार हुए बदमाश
थाना फेस-2 में दर्ज कराई रिपोर्ट में कोंडली दिल्ली निवासी पूजा कुमार ने बताया कि वह 30 जुलाई को फेस-2 स्थित जैसन लिमिटेड कंपनी से अपनी ड्यूटी खत्म कर वापस घर जा रहा था। रास्ते में बाइक सवार दो युवकों ने उसे रोक लिया और उसके हाथ से मोबाइल फोन छीन कर फरार हो गए।
कमरे से लैपटॉप व मोबाइल चोरी
इसके अलावा सेक्टर-63 सी ब्लॉक में रहने वाले राजकुमार तिवारी ने बताया कि वह अपने साथी के साथ रह रहा है। 11 जुलाई को वह अपने कमरे में सो रहे थे। गर्मी अधिक होने के कारण उन्होंने कमरे का दरवाजा खुला छोड़ रखा था। सुबह जब वह सोकर उठे तो कमरे में रखा लैपटॉप व दो मोबाइल फोन गायब थे। उन्होंने गायब सामान की तलाश की लेकिन कोई पता नहीं चला। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।
आरोपियों पर मुकदमा दर्ज Noida News
वहीं थाना सेक्टर-58 में ग्राम खेड़ा धर्मपुरा निवासी चेतन शर्मा ने अपना मोबाइल फोन लूटे जाने की रिपोर्ट दर्ज कराई है। चेतन शर्मा ने बताया कि वह सेक्टर-62 स्थित आयन डिजिटल जोन सेंटर आ रहा था। इस दौरान बाइक पर आए दो बदमाशों ने उनसे मोबाइल फोन छीन लिया। उन्होंने बदमाशों का पीछा करने का प्रयास किया लेकिन वह फरार होने में सफल रहे। पुलिस का कहना है कि पीड़ितों की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है और बदमाशों की तलाश की जा रही है।
ग्रेटर नोएडा– नोएडाकी खबरों से अपडेट रहने के लिए चेतना मंच से जुड़े रहें।देश-दुनिया की लेटेस्ट खबरों से अपडेट रहने के लिए हमें फेसबुकपर लाइक करें या ट्विटरपर फॉलो करें।