
Noida News (चेतना मंच)। थाना फेस-2 पुलिस ने करीब ढाई माह पूर्व ज्वैलर पर हुए जानलेवा हमले का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से दो पिस्तौल व कारतूस बरामद हुये है। पकड़े गए आरोपियों ने आभूषणों में अधिक मिलावट करने पर ज्वेलर को गोली मारी थी।
एडीसीपी सेंट्रल डॉ राजीव दीक्षित ने बताया कि थाना प्रभारी विंध्याचल तिवारी ने मुखबिर की सूचना के आधार पर सेक्टर-81 के भूढ़ा चौराहे से राहुल नायक पुत्र राजवीर नायक व शिवलोक तिवारी निवासी नगला चरणदास को गिरफ्तार किया। इनके पास से दो पिस्टल व कारतूस बरामद हुए। पकड़े गए आरोपियों ने गत 5 फरवरी की रात को ज्वेलर्स घनश्याम वर्मा को गोली मारने की बात स्वीकार की। वारदात के समय उन्होंने चेहरे को ढक रखा था।
पकड़े गए राहुल ने बताया कि उसके पिता ने बहन की शादी के लिए घनश्याम वर्मा की दुकान पर आभूषण बनवाए थे। इन आभूषणों में घनश्याम वर्मा ने बहुत ज्यादा मिलावट कर दी थी। इस कारण उसकी बहन को ससुराल में ताने सुनने पड रहे थे। उसने घनश्याम वर्मा से जेवरात वापस लेने को कहा लेकिन उसने इनकार कर दिया था।
राहुल ने बताया कि इसी बात से गुस्सा कर उसने घनश्याम वर्मा को ठिकाने लगाने का योजना बनाई थी। योजना के तहत उसने अपने साथी शिवलोक तिवारी के साथ मिलकर 5 फरवरी को घनश्याम वर्मा को गोली मार दी थी। निशाना चूकने के कारण गोली घनश्याम वर्मा के हाथ में लगी जिसके बाद वह फरार हो गए थे।
एडीसीपी ने बताया कि पकड़ा गया आरोपी राहुल घटना के करीब 10 दिन बाद घनश्याम वर्मा को देखने उसके घर भी गया था। दोनों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने न्यायालय में पेश किया है।