
Noida News (चेतना मंच)। सोरखा गांव में किराए पर अकेली रह रही युवती के कमरे में मकान मालिक जबरन घुस आया। शराब के नशे में धुत मकान मालिक ने युवती के साथ छेड़छाड़ की। पीडि़ता की शिकायत पर थाना सेक्टर-113 पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
मूल रूप से बिहार निवासी संजना (काल्पनिक नाम) ने दर्ज रिपोर्ट में बताया कि उसने 24 मई को सोरखा गांव निवासी संजीव यादव के यहां किराए पर कमरा लिया था। रात्रि के समय वह कमरे पर अकेली थी। इस दौरान संजीव शराब के नशे में उसके कमरे पर आया और बहाने से दरवाजा खुलवा लिया।
दरवाजा खुलते ही संजीव कमरे में घुस आया और उसके साथ छेडख़ानी शुरू कर दी। उसने छेडख़ानी का विरोध किया तो आरोपी ने उसके साथ मारपीट की।
संजना के शोर मचाने पर संजीव मौके से फरार हो गया। इसके बाद पीडि़ता ने थाना सेक्टर 113 पुलिस को मामले की सूचना दी। थाना प्रभारी जितेंद्र कुमार ने बताया कि पीडि़ता की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ छेड़छाड़ का मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।